मॉल में चल रहा था बड़ा खेल, पुलिस का छापा पड़ते ही मची भगदड़; हिरासत में 33 लोग
राजस्थान के भिवाड़ी में पुलिस ने कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर 27 महिला और 6 पुरुषों को हिरासत में लिया है. पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और दस्तावेजों की जांच कर रही है.
राजस्थान के भिवाड़ी शहर में शनिवार को पुलिस ने स्पा सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है. इस अभियान के दौरान पुलिस ने 27 युवतियों और 6 युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मॉल में मौजूद लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई. पुलिस की टीम ने कई घंटों तक अलग अलग स्पा सेंटरों की जांच की और दस्तावेजों की पड़ताल की.
एक साथ कई स्पा सेंटरों पर पुलिस का छापा
जानकारी के मुताबिक भिवाड़ी पुलिस की टीम ने यह अभियान विशेष योजना के तहत चलाया. शनिवार दोपहर करीब 20 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम ने एक साथ कई स्पा सेंटरों पर दबिश दी. पुलिस ने पहले भिवाड़ी बाइपास क्षेत्र स्थित एक प्लाजा में चल रहे स्पा सेंटरों की जांच की. इसके बाद दूसरे मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर भी कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में मौजूद युवतियों के पहचान पत्र और दूसरे दस्तावेजों की भी जांच की. पुलिस का कहना है कि सभी लोगों की पहचान और उनके कार्य से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि किसी तरह की अनियमितता का पता लगाया जा सके.
शिकायत के बाद हुई छापेमारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 युवकों को भी हिरासत में लिया. सभी को पूछताछ के लिए पुलिस चौकी लाया गया है. जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वे वहां किस उद्देश्य से मौजूद थे और उनकी गतिविधियां क्या थीं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले काफी समय से इन स्पा सेंटरों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों की ओर से भी कार्रवाई की मांग की जा रही थी. इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पहले गोपनीय स्तर पर जानकारी जुटाई. शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध तथ्य सामने आने के बाद विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.
अवैध गतिविधियां मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और सभी चीजों को खंगाला जा रहा है. अगर जांच के दौरान किसी प्रकार की अवैध या नियमों के विपरीत गतिविधियों के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने साफ किया कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी. आने वाले दिनों में भी स्पा सेंटरों और दूसरे संदिग्ध की भी जांच की जा रही है.