पिकनिक के बहाने डैम में छात्राओं संग नहाता दिखा प्रिंसिपल... VIDEO ने मचाया बवाल, अब निलंबन की कार्रवाई

राजस्थान के अलवर में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल का छात्राओं के साथ बांध में नहाने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया. जब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग ने इस पर एक्शन लेते हुए प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया.

X
Meenu Singh

राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के बाद हुई एक घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि 15 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने के बाद सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल बच्चों को घूमाने और स्वीमिंग सिखाने के लिए भड़ाज बांध ले गए. वहां का एक वीडियो सामने आया, जिसमें प्रिंसिपल छात्राओं के साथ पानी में नहाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने कार्रवाई की.

बांध में बच्चों को ले जाने पर सवाल

मामला राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थानागाजी से जुड़ा है. स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद बच्चों को जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर भड़ाज बांध ले जाने की बात सामने आई. वहां करीब 20 से 25 बड़ी छात्राओं की मौजूदगी बताई गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार बांध की पाल संकरी है और यहां पहले डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं. करीब चार साल से यहां जाने पर रोक होने की बात भी कही जा रही है.


सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चों को पानी में उतारते समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी. लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं होने और कुछ बच्चों को तैरना नहीं आने की बात भी सामने आई. इसी दौरान बनाए गए वीडियो ने पूरे मामले को तूल दे दिया. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए. इसके बाद पुलिस और शिक्षा विभाग को घटना की जानकारी दी गई.

विभाग ने प्रिंसिपल को किया निलंबित

शिक्षा विभाग के आदेश में वायरल वीडियो का उल्लेख करते हुए प्रिंसिपल के आचरण को प्रथम दृष्टया निर्धारित नैतिक नियमों के विपरीत माना गया है. इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीकानेर रहेगा. विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार छात्राओं, प्रिंसिपल और अभिभावकों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई गई है.

पुलिस भी जुटा रही पूरी जानकारी

थानागाजी थाना प्रभारी राजकुमार मीणा के मुताबिक पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद प्रिंसिपल के बयान दर्ज किए हैं. अभी किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है. इसके बावजूद वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी है. शिक्षा विभाग ने भी रिपोर्ट मांगी है. मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव ने जानकारी जुटाई है, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे.