Commonwealth Games 2026

सगाई टूटी लेकिन प्यार नहीं! आर्य समाज में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन पहुंचे SP ऑफिस, जानिए क्यों मांगी सुरक्षा?

राजस्थान के अजमेर में शादी के जोड़े में सजे एक नवविवाहित जोड़े ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई. आर्य समाज में शादी करने वाले इस जोड़े ने बताया की उन्हें लड़की के परिवार से खतरा है.

social media
Kuldeep Sharma

अजमेर: प्यार जब परवान चढ़ता है तो वह समाज और परिवार की बंदिशों को पीछे छोड़ देता है अजमेर में भी एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला जहां शादी के जोड़े में सजे एक नए नवेले जोड़े ने सुरक्षा की गुहार लगाकर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

दरअसल मंगलवार को अजमेर कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त अनोखा माहौल बन गया जब नसीराबाद के रहने वाले मनीष और किशनगढ़ की हर्षिता बिल्कुल दूल्हा-दुल्हन के लिबास में सीधे पुलिस अधीक्षक दफ्तर पहुंच गए. दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है क्योंकि उन्हें लड़की के परिवार वालों की तरफ से विरोध और खतरे का डर सता रहा है.

एसपी दफ्तर के बाह पहनाई वरमाला

अपनी इस बगावती शादी और अटूट प्यार का इजहार करने के लिए इस जोड़े ने एसपी दफ्तर के बाहर ही सबके सामने एक बार फिर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई. कलेक्ट्रेट जैसे गंभीर सरकारी दफ्तर के बाहर इस फिल्मी नजारे को देखने के लिए वहां मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.


क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार मनीष और हर्षिता की लव स्टोरी करीब दो साल पहले एक पारिवारिक शादी समारोह से शुरू हुई थी. रिश्तेदारी की वजह से दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे लेकिन उस मुलाकात के बाद उनकी दोस्ती गहरी हो गई और धीरे-धीरे बात प्यार तक पहुंच गई. दोनों के परिवारों को भी इस रिश्ते की भनक थी और एक वक्त ऐसा भी आया जब उनकी सगाई तय कर दी गई. लेकिन किन्हीं अज्ञात वजहों से बाद में यह सगाई टूट गई. सगाई टूटने के बावजूद दोनों का एक-दूसरे के प्रति प्यार कम नहीं हुआ और उन्होंने साथ जीने-मरने का फैसला कर लिया.

लड़की के परिवार से मिल रही धमकी

आखिरकार दोनों ने घर से कदम बाहर निकाला और आर्य समाज मंदिर में जाकर पूरे रीति-रिवाज से शादी कर ली. उनका कहना है कि यह शादी उन्होंने पूरी समझदारी और आपसी रजामंदी से की है. लेकिन शादी के बाद लड़की का परिवार इस फैसले से नाराज हो गया और जोड़े को धमकियां मिलने लगीं. इसी डर की वजह से वे सुरक्षा के लिए पुलिस के पास पहुंचे हैं और उन्होंने एक प्रार्थना पत्र सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है ताकि वे अपनी शादीशुदा जिंदगी शांति से शुरू कर सकें. फिलहाल पुलिस और प्रशासन उनकी अर्जी पर विचार कर रहे हैं.