मोबाइल टावर पर चढ़ गई पति की बेवफाई से आहत महिला, जमकर किया हंगामा
पंजाब के बग्गा कला गांव में पति की कथित दूसरी शादी से नाराज एक महिला 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. पुलिस ने समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा और मामले की जांच शुरू कर दी.
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले के बग्गा कला गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई. महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे तलाक दिए बिना दूसरी शादी कर ली. विरोध जताने के लिए वह करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर पहुंच गई और वहीं से न्याय की मांग करने लगी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया.
घटना थाना लाडोवाल क्षेत्र के गांव बग्गा कला की है. सुबह लोगों ने देखा कि एक महिला तेजी से मोबाइल टावर पर चढ़ रही है. देखते ही देखते वह काफी ऊंचाई तक पहुंच गई. यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाते रहे.
पति पर लगाए गंभीर आरोप
टावर पर चढ़ी महिला की पहचान गमगमी देवी के रूप में हुई है. महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति पलटू मंडल ने उसे कानूनी रूप से अलग किए बिना दूसरी महिला, सोना देवी, से विवाह कर लिया. महिला का कहना है कि जब उसने इस बात का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की गई. इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया.
Also Read
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी देर तक टावर पर बैठी रही और नीचे खड़े लोगों से अपनी पीड़ा साझा करती रही. वह अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी. महिला का कहना था कि जब तक उसे न्याय का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. इस दौरान गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही थाना लाडोवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों ने महिला से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया. काफी देर की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पुलिस ने राहत की सांस ली और ग्रामीणों ने भी महिला के सुरक्षित होने पर संतोष जताया.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
जांच अधिकारी ने बताया कि महिला के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है. पुलिस ने उसके पति पलटू मंडल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. तथ्यों की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.