मोहाली में हेयर मास्टर सैलून पर फायरिंग, बाइक सवार दो बदमाशों ने चलाई गोली
मोहाली के सीपी-67 मॉल के सामने हेयर मास्टर सैलून पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग की. गोली सैलून के शीशे में लगी.
Mohali Firing: मोहाली में बुधवार रात हेयर मास्टर सैलून को निशाना बनाकर फायरिंग की गई. हेलमेट पहने दो युवक स्प्लेंडर बाइक से पहुंचे और बाहर से गोली चलाकर फरार हो गए. घटना के समय सैलून में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को नुकसान नहीं हुआ. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
स्प्लेंडर बाइक से आए दो युवक
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे सैलून के मैनेजर ने घटना की जानकारी दी. शुरुआती जांच में पता चला कि दो युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से सैलून के बाहर पहुंचे थे. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था. उन्होंने बाहर से एक गोली चलाई, जो सैलून के शीशे में जा लगी. फायरिंग के तुरंत बाद दोनों बाइक से फरार हो गए. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
गैंगस्टर कनेक्शन की भी जांच
सूत्रों के अनुसार, हेयर मास्टर सैलून के संचालकों को पहले रंगदारी के लिए फोन आ चुके हैं. इसी वजह से पुलिस अब पुरानी कॉल और फायरिंग की घटना के बीच संबंध तलाश रही है. सैलून को पहले से पुलिस सुरक्षा भी मिली हुई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पहले चंडीगढ़ स्थित सैलून को निशाना बनाए जाने का इनपुट मिला था लेकिन हमला मोहाली वाले आउटलेट पर हुआ. जांच में लक्की पटियाल और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हरि बॉक्सर की संभावित भूमिका भी देखी जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी गैंगस्टर का नाम आधिकारिक तौर पर नहीं जोड़ा है.
Also Read
CIA समेत कई टीमें जांच में जुटी
डीएसपी हरसिमरन सिंह बल के अनुसार, आरोपितों को पकड़ने के लिए CIA सहित कई पुलिस टीमों को लगाया गया है. इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देख रही है, ताकि बाइक सवार युवकों की पहचान हो सके. घटना के बाद चंडीगढ़ ऑपरेशन सेल की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में शामिल हुई.