पंजाब में मानसून की विदाई के बीच तीन जिलों में बारिश के आसार, 1 अक्टूबर तक शुष्क रहेगा मौसम
पंजाब में मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है. इस बीच 25 सितंबर को पठानकोट, होशियारपुर और गुरदासपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बाकी ज्यादातर इलाकों में मौसम सूखा रहने का अनुमान है.
पंजाब में मानसून अब अंतिम दौर में पहुंच गया है, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां अभी बनी हुई हैं. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शुक्रवार को पठानकोट, होशियारपुर और गुरदासपुर में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है.
पंजाब और चंडीगढ़ से मानसून की वापसी लगातार आगे बढ रही है. फिलहाल मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर और चंडीगढ़ के आसपास बनी हुई है. ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की उम्मीद है.
एक अक्टूबर तक ज्यादातर इलाकों में सूखा मौसम
मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए इस सप्ताह पंजाब के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार कम हैं. पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. राज्य के बाकी इलाकों में दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. उत्तर और पूर्वी पंजाब के कुछ हिस्सों में तापमान कुछ समय के लिए 30 से 32 डिग्री के आसपास भी रह सकता है.
Also Read
- Gold-Silver Prices Today: त्योहारी सीजन में सोने-चांदी ने दिखाए तेवर, जानें आपके शहर में आज कितना है रेट; खरीदने से पहले जरूर पढ़ें
- आज होगी बप्पा की विदाई, जानिए गणेश विसर्जन की विधि और शुभ मुहूर्त
- 'बाढ़ में साथ खड़े रहे भारत-चीन', नेपाल के PM बालेन शाह ने UN मंच से जताया शुक्रिया, अब मांगा बड़ा साथ
इस तरह एक अक्टूबर तक राज्य में मौसम के ज्यादातर समय शुष्क रहने की संभावना है. दिन के मुकाबले रात के मौसम में अब बदलाव दिखाई देने लगा है. पठानकोट में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रह सकता है. अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर-रूपनगर के कुछ हिस्सों में रात का तापमान 18 से 20 डिग्री तक रहने का अनुमान है. वहीं, पंजाब के अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. मानसून की विदाई के साथ मौसम में धीरे-धीरे शुष्कता बढने के संकेत मिल रहे हैं.
गर्मी के साथ बिजली की मांग भी बढी
बारिश में कमी और तापमान सामान्य के आसपास बने रहने के बीच राज्य में बिजली की खपत भी ऊंची बनी हुई है. शुक्रवार को पंजाब में बिजली की मांग 14,120 मेगावाट दर्ज की गई. राज्य ने अपनी जरूरत पूरी करने के लिए 5,004 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया, जबकि करीब 9,118 मेगावाट बिजली बाहर से ली गई. मौसम के शुष्क रहने के साथ आने वाले दिनों में बिजली की मांग पर भी नजर बनी रहेगी.