पंजाब में आज बारिश का अलर्ट, 8 जिलों में आंधी-बिजली की भी संभावना
पंजाब के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह बारिश हुई. मौसम विभाग ने पूरे राज्य और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना जताई है. आठ जिलों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है.
पंजाब में गुरुवार तड़के मौसम ने करवट ली. जालंधर और पठानकोट में सुबह बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों के साथ चंडीगढ़ में भी आज बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में मौसम खराब रहने के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है.
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का और रूपनगर में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी चलने की आशंका जताई है. इन जिलों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
Also Read
- उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, देहरादून में तेज बारिश; पिथौरागढ़ में भूस्खलन से आवाजाही प्रभावित
- आधार कार्ड खो गया या खराब हो गया? घर बैठे मंगाएं PVC कार्ड, जानें पूरा तरीका
- Bengaluru Woman Kidnapping Case: प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने उठाया खौफनाक कदम! बेंगलुरु में महिला को ले जा रही कार से मची तबाही
बारिश की संभावना के बीच पंजाब के औसत तापमान में 0.7 डिग्री की वृद्धि हुई है. इसके बावजूद तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है. बठिंडा में राज्य का सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए इस महीने पंजाब से मानसून की विदाई होने का अनुमान जताया जा रहा है.
चक्रवाती परिसंचरण से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसके अलावा मानसून ट्रफ भी सक्रिय बनी हुई है.
भाखड़ा डैम का जलस्तर 1,644.65 फीट दर्ज किया गया है. यहां 28,368 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है और 27,119 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. वहीं पोंग डैम का जलस्तर 1,371.98 फीट है. इसमें 11,509 क्यूसेक पानी पहुंच रहा है, जबकि 17,532 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. दोनों बांधों के जलस्तर और पानी की आवक-निकासी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.