राहुल गांधी और राजा वड़िंग के समर्थन में चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में

चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर और राजा वड़िंग के खिलाफ गिरफ्तारी आदेश के विरोध में प्रदर्शन किया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और कुछ देर बाद रिहा कर दिया.

X
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: पंजाब के चंडीगढ़ में मंगलवार को पंजाब कांग्रेस ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शन राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के खिलाफ जारी गिरफ्तारी संबंधी आदेशों को लेकर किया गया. सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनी. पुलिस ने एहतियात के तौर पर भारी बल तैनात किया था.

प्रदर्शन की अगुवाई पंजाब कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट डॉ. राजकुमार वेरका ने की. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और अनुसूचित जाति आयोग के खिलाफ नारे लगाए. कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी पर दर्ज मामले को राजनीतिक कार्रवाई बताया. इसके अलावा राजा वड़िंग के खिलाफ गिरफ्तारी आदेश और उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर हुई कार्रवाई का भी विरोध किया गया.

पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई खींचतान

पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर प्रदर्शन बढ़ने के साथ पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया. मौके पर पहले से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे. प्रदर्शन के कारण सेक्टर-15 और आसपास के मार्गों पर भी आवाजाही प्रभावित हुई. पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया.


वेरका समेत समर्थक हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने डॉ. राजकुमार वेरका और उनके कुछ समर्थकों को हिरासत में ले लिया. पुलिस उन्हें सेक्टर-11 थाने ले गई. करीब आधे घंटे बाद वेरका और अन्य लोगों को छोड़ दिया गया. हिरासत से बाहर आने के बाद वेरका ने अनुसूचित जाति आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और राजा वड़िंग के खिलाफ जारी गिरफ्तारी आदेशों को गलत बताया.

गिरफ्तारी आदेश पर कांग्रेस का सवाल

वेरका ने कहा कि राजा वड़िंग का मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है. ऐसे में उनके मुताबिक अनुसूचित जाति आयोग की ओर से गिरफ्तारी संबंधी निर्देश जारी करना उचित नहीं है. उन्होंने आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी भूमिका पर सवाल खड़े किए. कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का पालन होना चाहिए और राजनीतिक दबाव के आधार पर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए.

करीब एक घंटे प्रभावित रहा ट्रैफिक

प्रदर्शन का असर चंडीगढ़ के मध्य मार्ग पर भी पड़ा. प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी के कारण करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और मार्ग को बंद करना पड़ा. बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया और यातायात व्यवस्था दोबारा बहाल की. कांग्रेस ने साफ किया कि वह राहुल गांधी और राजा वड़िंग से जुड़े मामलों को लेकर अपना विरोध आगे भी जारी रख सकती है.