तपती गर्मी से कब मिलेगी राहत? पंजाब के इस शहर ने तोड़ा पारे का रिकॉर्ड, मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

पंजाब में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं. शनिवार को बठिंडा 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. हालांकि मौसम विभाग ने 1 जुलाई से राहत के संकेत दिए हैं.

ANI
Reepu Kumari

पंजाब में लगातार बढ़ती गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्म मौसम का सामना करना पड़ रहा है. शनिवार को कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया. हालांकि अब राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है. मौसम विभाग ने 1 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है. विभाग का कहना है कि मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

1 जुलाई से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग ने 1 जुलाई से अगले तीन दिनों के लिए पंजाब के कई इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है. मौसम में यह बदलाव लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिला सकता है.

इन 13 जिलों में बारिश की संभावना

विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और पटियाला में अगले तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन जिलों में तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने के आसार हैं.


बठिंडा सबसे गर्म शहर बना

शनिवार को बठिंडा का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा. प्रदेश के अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा. इससे दिन के समय गर्मी का असर और बढ़ गया.

रात में भी नहीं मिली राहत

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई. रात का तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहने के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत नहीं मिली. लगातार बढ़ती नमी ने रात के समय भी असहज स्थिति बनाए रखी.

दूसरे शहरों का रहा यह हाल

शनिवार को अमृतसर का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री, लुधियाना 39.2 डिग्री, पटियाला 40.6 डिग्री, पठानकोट 38.3 डिग्री, फाजिल्का 39.6 डिग्री, फिरोजपुर 38.2 डिग्री, होशियारपुर 37.6 डिग्री और एसबीएस नगर 38.0 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान अमृतसर में 28.5, लुधियाना में 29.0, पटियाला और रूपनगर में 29.4 तथा बठिंडा में 27.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.