menu-icon
India Daily

Punjab Weather: पंजाब में 45 डिग्री की भीषण गर्मी से लोग बेहाल, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी; जानें वेदर अपडेट

पंजाब में भीषण गर्मी के बीच फरीदकोट का तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. 29 और 30 जून तक गर्मी और उमस बनी रहेगी. चलिए जानते हैं जुलाई में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Punjab Weather: पंजाब में 45 डिग्री की भीषण गर्मी से लोग बेहाल, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी; जानें वेदर अपडेट
Courtesy: Pinterest (Representative image)

चंडीगढ़: पंजाब में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. रविवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार रविवार को औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. हालांकि मौसम विभाग ने 1 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज चमक का यलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

रविवार को पंजाब का सबसे गर्म जिला फरीदकोट रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा बठिंडा हवाई अड्डे पर 44.0 डिग्री, पटियाला में 41.1 डिग्री, चंडीगढ़ में 41.0 डिग्री, लुधियाना में 39.6 डिग्री, पठानकोट में 38.1 डिग्री और अमृतसर में 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. सीमावर्ती इलाकों अमृतसर और पठानकोट में तापमान में हल्की गिरावट जरूर रही, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जून को पंजाब में मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. इन दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि गर्मी और उमस का असर बना रहेगा और लोगों को अभी राहत मिलने की संभावना कम है.

जुलाई में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि 1 जुलाई से मौसम का मिजाज बदलेगा. विभाग ने राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन पठानकोट और गुरदासपुर में गरज चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई को बारिश की गतिविधियां और तेज हो जाएंगी. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. वहीं अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर, संगरूर और मानसा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

लोगों के लिए क्या दी गई है चेतावनी?

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पीने, दोपहर में धूप से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. किसानों और आम लोगों को भी मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.