पंजाब में मानसून की रफ्तार अब धीमी होती दिखाई दे रही है. मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 से 28 अगस्त के बीच प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. इस दौरान ज्यादातर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है.
उत्तर-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि बारिश का दौर सीमित रहने के कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके चलते लोगों को गर्मी के साथ उमस भी परेशान कर सकती है.
25 अगस्त को अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर,और पटियाला में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. 26 से 28 अगस्त के बीच भी लगभग इन्हीं जिलों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. वहीं तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, बरनाला, संगरूर और मानसा समेत ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. पश्चिमी पंजाब और मालवा क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहेंगी.
पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में सोमवार को रविवार की तुलना में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि राज्य का औसत तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. फिरोजपुर 37 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. चंडीगढ़ में 36.4 और पटियाला में 36.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.अमृतसर में अधिकतम तापमान 34.8, लुधियाना में 34.4, मोहाली में 35.2, श्री मुक्तसर साहिब में 35.3 तथा जालंधर और होशियारपुर में 34 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम के अधिकतर समय साफ रहने से आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है. बारिश सीमित रहने के कारण वातावरण में नमी और गर्मी का असर बढ़ सकता है. ऐसे में लोगों को दिन के समय उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है. फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश जैसी स्थिति के कोई संकेत नहीं हैं और अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.