पंजाब में आज बदल सकता है मौसम का मिजाज, 2 से 5 सितंबर तक बारिश के आसार; आंधी और बिजली का अलर्ट
पंजाब में सितंबर की शुरुआत मौसम में बदलाव लेकर आ रही है. मौसम विभाग के अनुसार 1 से 7 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. वहीं 2 और 3 सितंबर को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है,
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल पूरे पंजाब में एक साथ तेज बारिश की स्थिति नहीं है. हालांकि 2 और 3 सितंबर को गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है. इसके बाद 2 से 5 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर भी पंजाब में बारिश की गतिविधियों को बढ़ा सकता है.
उत्तर और पूर्वी पंजाब में ज्यादा असर
आज यानी 2 सितंबर को पंजाब के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर यानी मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं अमृतसर, तरनतारन, जालंधर और कपूरथला में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
Also Read
मध्य पंजाब में भी बारिश के आसार
मध्य पंजाब के लुधियाना, पटियाला, बरनाला और आसपास के इलाकों में भी 2 सितंबर को मौसम बदल सकता है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
पंजाब के मालवा और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत कम रहने के आसार हैं. फरीदकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, भटिंडा और मानसा में कुछ जगहों पर बादल छा सकते हैं या हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि इन क्षेत्रों के कई हिस्सों में मौसम गर्म और शुष्क भी रह सकता है. उत्तर और पूर्वी पंजाब की तुलना में यहां बारिश का असर कम रहने की संभावना है.
3 और 4 सितंबर को भी बना रहेगा असर
मौसम विभाग ने 3 और 4 सितंबर को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में व्यापक बारिश की संभावना जताई है. पंजाब में भी इस दौरान बारिश होने के आसार हैं. कुल मिलाकर पंजाब में आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से सक्रिय रहने वाले हैं. बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है.