menu-icon
India Daily

ईरान पर अमेरिका का बड़ा हमला, ट्रंप की सख्त चेतावनी; होर्मुज को लेकर बढ़ा तनाव

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के ठिकानों पर बड़े और शक्तिशाली हमले किए हैं.

Shilpa Shrivastava
ईरान पर अमेरिका का बड़ा हमला, ट्रंप की सख्त चेतावनी; होर्मुज को लेकर बढ़ा तनाव
Courtesy: X

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के ठिकानों पर बड़े और शक्तिशाली हमले किए हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, कार्रवाई में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर इन हमलों को जायज बताया. उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइल हमले के जवाब में यह कार्रवाई की गई.

ईरान ने 8 मिसाइलें दागने की कोशिश की:

ट्रंप के अनुसार, ईरान की ओर से जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर आठ मिसाइलें दागी गईं. अमेरिकी पक्ष का कहना है कि इन सभी मिसाइलों को रोक दिया गया. इससे पहले अमेरिकी सेना ने होर्मुज के आसपास समुद्री मार्गों में मौजूद बारूदी सुरंगों को हटाने की कार्रवाई भी की थी. हालांकि, ईरान और अमेरिका की ओर से घटनाओं को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं. ऐसे में क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है.

ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी:

ट्रंप ने साफ कहा है कि अगर ईरान ने अमेरिकी हमलों का जवाब दिया तो अमेरिका इससे भी ज्यादा ताकत के साथ हमला करेगा. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका के पास इससे बड़ी सैन्य कार्रवाई की तैयारी मौजूद है. इस बयान से आशंका बढ़ गई है कि आने वाले दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष और ज्यादा गंभीर हो सकता है.

होर्मुज जलडमरूमध्य क्यों है इतना महत्वपूर्ण?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है. यहां किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि या जहाजों की आवाजाही में रुकावट का असर कच्चे तेल की कीमतों और पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है.

अमेरिका का कहना है कि उसकी नौसेना की मदद से इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही जारी है. हालांकि, नए हमलों के बाद बाजार में तेल की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ी है. मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला.

ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा अमेरिका:

ट्रंप ने एक बार फिर कहा है कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देगा. उनका कहना है कि ईरान के पास परमाणु हथियार होने से इजरायल और पूरे मध्य पूर्व की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है. फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ने से पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र पर नजरें टिकी हुई हैं. आने वाले दिनों में ईरान की प्रतिक्रिया और अमेरिका की अगली कार्रवाई यह तय करेगी कि यह संघर्ष कितना आगे बढ़ता है.