चंडीगढ़: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 5 जुलाई से 8 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में गरज चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है. हालांकि सोमवार से मानसून की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं, जिससे कई इलाकों में उमस बढ़ सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर, नवांशहर, जालंधर, कपूरथला, अमृतसर, तरनतारन, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं दक्षिण-पश्चिमी पंजाब के जिलों में फिलहाल किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि 6 जुलाई से मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है. इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर, पटियाला और मोहाली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
7 और 8 जुलाई को भी उत्तर-पूर्वी पंजाब के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज चमक की संभावना बनी रहेगी. बाकी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है. बारिश कम होने के कारण कई इलाकों में उमस बढ़ने की संभावना है.
पंजाब का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया. फाजिल्का राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद अमृतसर में 37.1 डिग्री, बठिंडा में 37.0 डिग्री और पटियाला, पठानकोट तथा गुरदासपुर में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने लोगों से गरज चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी है.