menu-icon
India Daily

पंजाब SIR: वोटर लिस्ट में नाम जोड़ना हुआ आसान, जानें फॉर्म भरने का सही तरीका

फॉर्म को मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बांटा गया है. सबसे ऊपरी हिस्सा सभी के लिए पहले से प्रिंटेड होता है. इसमें आपके क्षेत्र के BLO का नाम, उनका मोबाइल नंबर, परिवार के मुखिया का नाम, पता और पुराना वोटर आईडी नंबर छपा रहता है. साथ में सुरक्षा के लिए QR कोड और फोटो भी लगी होती है.

antima
Edited By: Antima Pal
पंजाब SIR: वोटर लिस्ट में नाम जोड़ना हुआ आसान, जानें फॉर्म भरने का सही तरीका
Courtesy: grok

लुधियाना: चुनाव आयोग ने पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. ब्लॉक लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म बांट रहे हैं. मतदाताओं को यह फॉर्म सही तरीके से भरकर BLO को वापस लौटाना है. कई लोग फॉर्म भरने में परेशान हो रहे हैं, लेकिन BLOs का कहना है कि फॉर्म बेहद आसान है. बस सही तरीके से समझना जरूरी है.

पंजाब में SIR इन्यूमरेशन फॉर्म भरने का आसान तरीका

फॉर्म को मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बांटा गया है. सबसे ऊपरी हिस्सा सभी के लिए पहले से प्रिंटेड होता है. इसमें आपके क्षेत्र के BLO का नाम, उनका मोबाइल नंबर, परिवार के मुखिया का नाम, पता और पुराना वोटर आईडी नंबर छपा रहता है. साथ में सुरक्षा के लिए QR कोड और फोटो भी लगी होती है. इस हिस्से में आपको कुछ भी लिखने की जरूरत नहीं है.

बाएं हिस्से को उन पुराने मतदाताओं को भरना है जिनका नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है यानी जिनकी उम्र कम से कम 40 साल है. इसमें अपना पूरा नाम, वोटर कार्ड नंबर (EPIC), पिता या पति का नाम, रिश्ता (पिता/पति), लिंग (पुरुष/महिला), वर्तमान उम्र और विधानसभा क्षेत्र का नाम लिखें. नीचे छोटे बॉक्स में पुराना विधानसभा नंबर, भाग नंबर और सीरियल नंबर भर दें, जो आपके पुराने वोटर कार्ड पर आसानी से मिल जाएगा. 

दाएं हिस्से नए मतदाताओं यानी 40 साल या उससे कम उम्र के लोगों के लिए है. जिनका नाम अभी वोटर लिस्ट में नहीं है या जो पहली बार नाम जुड़वाना चाहते हैं, उन्हें यह हिस्सा भरना होगा. इसमें नया आवेदन संबंधी सभी जरूरी जानकारियां देनी पड़ती हैं. तीसरा हिस्सा हर किसी को भरना होता है. इसमें परिवार की पूरी जानकारी, नए सदस्यों के नाम और अन्य जरूरी विवरण दिए जाते हैं.

अगर आप घर बैठे फॉर्म भरना चाहते हैं तो ऑनलाइन विकल्प भी उपलब्ध है. चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां SIR या इन्यूमरेशन सेक्शन में क्लिक करें. अपना नाम, फोन नंबर और EPIC नंबर दर्ज करके फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं. ऑनलाइन भरने के बाद प्रिंट लेकर BLO को जमा कर दें या निर्देशानुसार अपलोड करें.

BLO जसविंदर सिंह जैसे अधिकारी बताते हैं कि फॉर्म भरना मुश्किल नहीं है. सावधानी से नाम, उम्र, पता और पुराने नंबर सही-सही लिखें. कोई गलती न हो, इसके लिए पुराना वोटर कार्ड या अन्य दस्तावेज साथ रखें. यह अभियान मतदाता सूची को सही और अपडेटेड बनाने के लिए चलाया जा रहा है. गलत या फर्जी नाम हटाने और नए योग्य मतदाताओं को जोड़ने का यह अच्छा मौका है.