menu-icon
India Daily

Punjab Roadways में बड़ा बदलाव! अब बस टिकट के लिए कैश की नहीं होगी जरूरत

पंजाब रोडवेज जल्द ही डिजिटल टिकट प्रणाली लागू करने की तैयारी में है. यात्री क्यूआर कोड, यूपीआई, डेबिट और क्रेडिट कार्ड से टिकट खरीद सकेंगे. फिलहाल सिस्टम की टेस्टिंग चल रही है और करीब एक महीने में इसे लागू करने की तैयारी है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
Punjab Roadways में बड़ा बदलाव! अब बस टिकट के लिए कैश की नहीं होगी जरूरत
Courtesy: social media

पंजाब रोडवेज यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. विभाग टिकट व्यवस्था को पूरी तरह आधुनिक बनाने की तैयारी कर रहा है. नई प्रणाली लागू होने के बाद यात्रियों को नकद भुगतान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और टिकट लेना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा.

डिजिटल टिकटिंग की तैयारी शुरू

पंजाब रोडवेज अपनी टिकट व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने की दिशा में काम कर रहा है. विभाग की तैयारी है कि बसों में सफर करने वाले यात्री अब केवल नकद भुगतान तक सीमित न रहें. नई व्यवस्था में क्यूआर कोड स्कैन करके टिकट खरीदी जा सकेगी. इसके अलावा यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जैसे डिजिटल भुगतान विकल्प भी उपलब्ध होंगे. इस पहल का उद्देश्य टिकट लेने की प्रक्रिया को तेज, आसान और पारदर्शी बनाना है. इससे यात्रियों को छुट्टे पैसों की परेशानी से राहत मिलेगी और डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा.

एक महीने तक चलेगी तैयारी

सूत्रों के अनुसार नई मशीनों और सॉफ्टवेयर को पूरी तरह तैयार करने में लगभग एक महीने का समय लग सकता है. फिलहाल इन मशीनों की टेस्टिंग जारी है ताकि सिस्टम बिना किसी तकनीकी दिक्कत के काम कर सके. मशीनों में कंडक्टर और ड्राइवर की जानकारी भी पहले से दर्ज रहेगी. अधिकारियों का कहना है कि परीक्षण सफल होने के बाद इन मशीनों को रोडवेज बसों में लगाया जाएगा. इससे टिकट जारी करने की पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और तेज हो जाएगी.

यात्रियों और विभाग दोनों को मिलेगा लाभ

पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन के प्रधान जोध सिंह का कहना है कि नई टिकट प्रणाली से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. डिजिटल भुगतान के कारण यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं कंडक्टरों का काम भी आसान होगा. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि टिकट का भुगतान सीधे विभाग के खाते में पहुंचेगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी. वहीं जीएम-2 अमृतसर हरविंदर सिंह ने बताया कि सिस्टम की टेस्टिंग जारी है और सभी तैयारियां पूरी होने के बाद इसे बसों में लागू कर दिया जाएगा.