पंजाब: कपूरथला सेंट्रल जेल में कैदियों ने किया हंगामा, सुरक्षा कर्मियों से बदसलूकी, 6 पर मामला दर्ज
पंजाब के कपूरथला स्थित केंद्रीय जेल में एक गंभीर घटना सामने आई है. जेल की हाई सिक्योरिटी जोन-ए में बंद कुछ कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों के साथ धक्का-मुक्की की और बदतमीजी बरती.
कपूरथला: पंजाब के कपूरथला स्थित केंद्रीय जेल में एक गंभीर घटना सामने आई है. जेल की हाई सिक्योरिटी जोन-ए में बंद कुछ कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों के साथ धक्का-मुक्की की और बदतमीजी बरती. इस घटना से जेल में अनुशासन बनाए रखने की चुनौती एक बार फिर सामने आई है.
कपूरथला सेंट्रल जेल में कैदियों ने किया हंगामा
सहायक सुपरिटेंडेंट धीरज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हाई सिक्योरिटी जोन-ए में तैनात सीआरपीएफ कर्मचारियों के साथ कुछ कैदियों ने बहसबाजी शुरू कर दी. बात आगे बढ़ी तो धक्का-मुक्की भी हो गई. कैदियों ने जवानों की ड्यूटी में बाधा डालने की कोशिश की. जेल प्रशासन ने तुरंत इस मामले को गंभीरता से लिया और कानूनी कार्रवाई के लिए थाना कोतवाली पुलिस को सूचित किया.
सुरक्षा कर्मियों से बदसलूकी
पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर छह कैदियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. इन कैदियों के नाम हैं - संदीप सिंह उर्फ भट्टी, जो मोगा का रहने वाला है; मनदीप कुमार उर्फ मोंगी, एसबीएस नगर निवासी; तेजवीर सिंह उर्फ साहब, सुरिंदर सिंह का बेटा और शरीफपुरा अमृतसर का रहने वाला; परमजीत सिंह उर्फ धर्मा, रायकोट लुधियाना निवासी; अंकित भूरी, लुधियाना का रहने वाला; तथा गुरध्यान सिंह उर्फ भोला, संगरूर निवासी. इन सभी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
Also Read
जेल प्रशासन का साफ कहना है कि जेल के अंदर किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. हाई सिक्योरिटी जोन में बंद कैदियों से सख्त नजर रखने की बात कही गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.