Punjab Weather: पंजाब में मानसून की जोरदार वापसी, कई जिलों पर भारी बारिश का खतरा; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पंजाब में 19 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय हो रहा है. 20 से 22 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

चंडीगढ़: पंजाब में कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई से राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और 20 से 22 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 23 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

शनिवार को पूरे प्रदेश में गर्मी और उमस का असर बना रहा. राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों में तापमान में केवल 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी. बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

अन्य जिलों में कितना है तापमान?

अबोहर में 40.5 डिग्री, बठिंडा कृषि विश्वविद्यालय में 39.6 डिग्री और फाजिल्का में 38.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. चंडीगढ़, फिरोजपुर, फरीदकोट, अमृतसर, पटियाला, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, गुरदासपुर, रूपनगर, पठानकोट, होशियारपुर, संगरूर और मोगा में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया.


आज कैसा रहेगा मौसम?

19 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होगा. गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में गरज चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

20 जुलाई को मानसून और मजबूत होगा. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, चंडीगढ़, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला सहित कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, संगरूर और मालवा क्षेत्र में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है.

21 और 22 जुलाई को भी उत्तरी और पूर्वी पंजाब में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर सहित कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना बनी रहेगी. दक्षिण पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. 23 जुलाई को भी अधिकांश जिलों में बारिश जारी रह सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता कुछ कम रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग ने लगातार बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव, छोटी नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने, यातायात प्रभावित होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई है. किसानों को खेतों से पानी निकासी की व्यवस्था रखने, कटी हुई फसल खुले में नहीं छोड़ने और बारिश के दौरान उर्वरक या कीटनाशक का छिड़काव टालने की सलाह दी गई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है.