अमेरिका में पिज्जा डिलीवरी के दौरान पंजाब के लाल की गोली मारकर हत्या

अमेरिका के न्यूयॉर्क में पिज्जा डिलीवरी कर रहे पंजाब के 28 वर्षीय गुरदीप सिंह की लूट की कोशिश के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. परिवार ने शव भारत लाने की मांग की है.

Pinterest
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: पंजाब के कपूरथला जिले के एक परिवार पर अमेरिका से आई खबर ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. जाबोवाल गांव के 28 वर्षीय गुरदीप सिंह की न्यूयॉर्क में गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया गया कि वह पिज्जा डिलीवरी का काम कर रहे थे, तभी लूट की कोशिश के दौरान एक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी. परिवार के मुताबिक, गुरदीप करीब 13 साल पहले कर्ज लेकर अमेरिका गए थे और बेहतर भविष्य बनाने की कोशिश कर रहे थे.

परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरदीप न्यूयॉर्क के रिचमंड स्ट्रीट इलाके में पिज्जा पहुंचाने गए थे. इसी दौरान एक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने लूट की कोशिश की. वारदात के दौरान गुरदीप को गोली मार दी गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गुरदीप की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई.

13 साल पहले कर्ज लेकर गए थे अमेरिका

गुरदीप के पिता प्यारा लाल ने बताया कि उनका बेटा करीब 13 साल पहले कर्ज लेकर अमेरिका गया था. परिवार को उम्मीद थी कि वह विदेश में मेहनत करके अपनी और घर की आर्थिक स्थिति बेहतर करेगा. पिता के मुताबिक, विदेश पहुंचने के बाद भी गुरदीप का संघर्ष कम नहीं हुआ. वह लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों के बीच काम करते रहे और परिवार के लिए बेहतर जिंदगी बनाने की कोशिश करते रहे.


बेटे की मौत से पिता सदमे में

गुरदीप की मौत की खबर सुनकर उनके पिता प्यारा लाल भावुक हो गए. उन्होंने बेटे के संघर्ष को याद करते हुए बताया कि गुरदीप दिन-रात मेहनत करता था. परिवार के लिए उसकी उम्मीदें बड़ी थीं और उसने अपने भविष्य के लिए कई मुश्किलों का सामना किया. बेटे की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. जाबोवाल गांव में भी इस घटना के बाद मातम का माहौल है.

परिवार ने सरकार से की मदद की अपील

गुरदीप के परिवार ने पंजाब और भारत सरकार से शव को जल्द भारत लाने की व्यवस्था करने की अपील की है. परिवार चाहता है कि अंतिम संस्कार अपने गांव में किया जा सके. साथ ही उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की है. परिवार का कहना है कि दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा मिलनी चाहिए.

पिता और भाई भी करते हैं DJ का काम

गुरदीप अविवाहित थे. उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत मजबूत नहीं बताई गई है. उनके पिता प्यारा लाल और भाई परिवार का खर्च चलाने के लिए DJ का काम करते हैं. गुरदीप भी विदेश में मेहनत करके परिवार को आर्थिक सहारा देने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन एक आपराधिक वारदात ने परिवार की उम्मीदों को अचानक तोड़ दिया. अब परिजन उनके शव के भारत लौटने का इंतजार कर रहे हैं.