पंजाब में रिश्तों का खून: 9 एकड़ जमीन के विवाद में भाई-भाभी की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पंजाब के गुरदासपुर में 9 एकड़ पुश्तैनी जमीन के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई और उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
पंजाब के गुरदासपुर में बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आई है. बंटवारे के विवाद में दो जानें चल गईं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक शख्स ने जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद के चलते अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गांव में डबल मर्डर के बाद दहशत और गम का माहौल है. दिल दहला देने वाली यह वारदात काहनूवान थानाक्षेत्र के अंतर्गत नैनेकोट गांव में हुई.
पंचायतों के बाद भी नहीं हो पाई थी सुलह
नैनेकोट गांव में अमरजीत सिंह उर्फ अंबा का अपने छोटे भाई 52 वर्षीय अजायब सिंह से 9 एकड़ पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद था. पिछले एक साल के दौरान इस विवाद को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी बैठी, लेकिन विवाद का कोई हल न निकल सका. अमरजीत ने पोल्ट्री फार्म जाते समय गांव के बाहर अजायब सिंह को अपनी रिवॉल्वर से गोली मार दी. अजायब मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौत हो गई.
भाई की पत्नी को घर में घुसकर मारी गोली
अमरजीत ने अपने छोटे भाई को गोली मारने के बाद उसके घर में जा घुसा. जहां उसने भाई की पत्नी 50 वर्षीय कमल कौर की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक अजायब सिंह के दो बेटे हैं. एक ऑस्टेलिया में रहता है और दूसरा बिहार में नौकरी करता है. पुलिस के मुताबिक अजायब के दोनों बेटों को सूचना दे दी गई है.
जमीन के विवाद में हुआ डबल मर्डरः डीएसपी
डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि दोनों भाईयों में 9 एकड़ पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद था. इसी विवाद के चलते अमरजीत ने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने डबल मर्डर के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. शुरूआती जांच में सामने आए इस जानकारी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है.