IPL 2026

डीएम की आत्महत्या के मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार, संसद में गूंजा मुद्दा

पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर एक वरिष्ठ अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोपों के बीच गिरफ्तार हो गए है...

X
Ashutosh Rai

पंजाब की राजनीति में सोमवार को एक बड़ा भूचाल आ गया है. वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के डीएम को आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोपों से घिरे पंजाब के पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के एक आला अधिकारी के अनुसार, भुल्लर को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ से अरेस्ट किया गया है. बता दें कि इस मामले में विवाद गहराने के बाद भुल्लर ने बीते शनिवार को ही अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत से जुड़ा है. रंधावा ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जान दे दी थी, और आरोप है कि मंत्री भुल्लर उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे.

इस मामले की गूंज सोमवार को संसद में भी सुनाई दी. अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने निचले सदन में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया. उनके अनुरोध पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ तौर पर कहा कि यदि पंजाब के सभी सांसद एकजुट होकर लिखित में मांग करते हैं, तो वह तुरंत इस मामले की सीबीआई जांच के आदेश दे देंगे. शाह के इस बयान के ठीक दो घंटे बाद ही पंजाब पुलिस ने भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया.

भुल्लर का दावा- 'मैं भागा नहीं, सरेंडर कर रहा हूं'

अपनी गिरफ्तारी से ठीक पहले लालजीत भुल्लर ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए अपनी सफाई दी. उन्होंने फरार होने की खबरों का खंडन करते हुए लिखा, "आज जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि मैं फरार हो गया हूं, वे बिल्कुल सच नहीं हैं. मैं सच्चाई से भागने वाला इंसान नहीं हूं। मुझे देश की न्याय व्यवस्था पर अटूट विश्वास है. मैं पंजाब में ही हूं और मंडी गोबिंदगढ़ में स्वेच्छा से खुद को आत्मसमर्पण कर रहा हूं."

सीएम मान की सख्त चेतावनी

इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ा रुख अपनाया है. सीएम मान ने एक्स पर लिखा, "मेरे लिए पूरा पंजाब एक परिवार है. जो भी कानून तोड़ेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी; चाहे वह किसी भी पद पर हो या कोई प्रभावशाली व्यक्ति ही क्यों न हो। किसी को बचाना हमारी पार्टी का एजेंडा नहीं है."