सीएम भगवंत मान की अपील, SIR प्रक्रिया पूरी करें और सुरक्षित रखें अपना मतदान अधिकार

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों से SIR प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म भरने से मतदान का अधिकार सुरक्षित रहेगा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता रहेगा.

ANI
Meenu Singh

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के नागरिकों से वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता के लिए निर्धारित समय के भीतर फॉर्म भरना बेहद जरूरी है. मुख्यमंत्री के अनुसार यह प्रक्रिया केवल वोटर सूची को अद्यतन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है.

मतदाताओं से की विशेष अपील

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि सभी नागरिक एसआईआर प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें. उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म भरने से मतदाता सूची में नाम सुरक्षित रहेगा. उन्होंने लोगों से इस प्रक्रिया को गंभीरता से लेने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की.

आम आदमी पार्टी करेगी सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी नागरिक को एसआईआर फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी आती है, तो वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी के कार्यकर्ता लोगों को पूरी प्रक्रिया समझाने और फॉर्म भरने में हर संभव मदद उपलब्ध कराएंगे.


लोकतांत्रिक अधिकार बचाने पर जोर

भगवंत मान ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को और मजबूत बनाना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करता, तो उसका नाम नई मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाएगा. ऐसे में वह मतदान के अपने अधिकार का उपयोग करने से वंचित हो सकता है.

योजना का भी किया उल्लेख

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए शुरू की गई 'मावां धियां सत्कार योजना' का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी. वहीं अनुसूचित जाति की महिलाओं को अतिरिक्त 500 रुपये देकर कुल 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे.

सरकार ने किया बड़ा प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के लिए सरकार ने 9300 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है. उन्होंने कहा कि इस और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लगातार मिलता रहे, इसके लिए सभी पात्र नागरिकों को एसआईआर प्रक्रिया समय पर पूरी करनी चाहिए. उन्होंने लोगों से अपने मतदान अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया.