पंजाब में शिक्षकों के लिए खुशखबरी, वेतन बढ़ा और अब केंद्रीय विद्यालय जैसी मिलेंगी सुविधाएं

पंजाब सरकार ने आदर्श स्कूलों में काम करने वाले करीब 1,100 शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. इससे उनका मासिक वेतन करीब 10 हजार रुपये से बढ़कर 22 हजार रुपये से अधिक हो जाएगा.

Pinterest
Km Jaya

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने आदर्श स्कूलों में काम कर रहे करीब 1,100 शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने इन शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. इस फैसले के बाद लंबे समय से कम वेतन पर काम कर रहे शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

सरकार के फैसले के अनुसार आदर्श स्कूलों के शिक्षकों का मासिक वेतन करीब 10 हजार रुपये से बढ़कर 22 हजार रुपये से अधिक हो जाएगा. यानी शिक्षकों को हर महीने पहले के मुकाबले करीब दोगुने से भी ज्यादा वेतन मिलेगा. सरकार का कहना है कि इस फैसले से प्रदेश के करीब 1,100 शिक्षक सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे.

कब लिया गया ये फैसला?

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया. उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें सम्मान के साथ उचित वेतन मिलना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श स्कूलों के शिक्षक करीब दो दशक से कम वेतन पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. ऐसे में उनकी जायज मांग को स्वीकार करना जरूरी था.


कितने विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के सीबीएसई से मान्यता प्राप्त आदर्श स्कूलों में 15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं. ऐसे में शिक्षकों को आर्थिक सुरक्षा और बेहतर सेवा सुविधाएं देना विद्यार्थियों के भविष्य के लिए भी जरूरी है. सरकार का मानना है कि जब शिक्षक आर्थिक रूप से सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेंगे तो वे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने में ज्यादा प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे.

भगवंत मान ने पिछली सरकारों पर आदर्श स्कूलों के शिक्षकों की भूमिका की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षकों की जायज मांगों को स्वीकार कर रही है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा की जाएगी. सरकार का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना है.

केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं

सरकार ने केवल वेतन बढ़ाने का फैसला नहीं किया है. मुख्यमंत्री के अनुसार आदर्श स्कूलों के शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर सुविधाएं देने की दिशा में भी काम किया जाएगा. इससे उनकी सेवा शर्तों में सुधार और कार्य वातावरण बेहतर होने की उम्मीद है.

बैठक में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डा. रवि भगत और स्कूल शिक्षा सचिव सोनाली गिरि सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.