अजनाला में पुलिस मुठभेड़, UK से संचालित गैंग का प्लान नाकाम; पाकिस्तान निर्मित पिस्टल बरामद
अमृतसर के अजनाला में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें एक आरोपी घायल हो गया. मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपियों से पाकिस्तान निर्मित पिस्टल बरामद कर UK से संचालित गैंग का खुलासा किया है.
अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में पंजाब पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया. अमृतसर (ग्रामीण) के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह संधू ने बताया कि यह ऑपरेशन ब्रिटेन में बैठे गैंग संचालक निशान जोरियां से जुड़े मॉड्यूल के खिलाफ चलाया गया. सूचना मिली थी कि उसके साथी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं.
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
एसएसपी के मुताबिक, स्पेशल सेल और अजनाला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से नांकेबंदी की थी. पुलिस ने संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और इलाज के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया.
Also Read
पाकिस्तान निर्मित हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की पहचान अर्जुन और स्पर्श के रूप में की है. दोनों पर लोगों से रंगदारी मांगने और धमकी भरे कॉल करने के आरोप हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उनकी योजना विफल कर दी गई. मौके से पाकिस्तान निर्मित .34 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क और विदेश में बैठे मुख्य सरगना की भूमिका की जांच जारी है.