पंजाब और चंडीगढ़ में रविवार को होने वाले NEET UG री एग्जाम को लेकर प्रशासन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने व्यापक तैयारियां की हैं. 28 हजार से ज्यादा छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे, जिसके लिए सुरक्षा से लेकर परिवहन तक हर स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है. परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए इस बार कई नए कदम उठाए गए हैं.
NTA ने पंजाब के 16 जिलों और चंडीगढ़ में परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं. हालांकि, परीक्षा केंद्रों की पूरी सूची सार्वजनिक नहीं की गई है. छात्रों को केवल उनके एडमिट कार्ड पर ही केंद्र की जानकारी दी गई है. यह फैसला परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है.
परीक्षा के संचालन के लिए प्रत्येक जिले के डिप्टी कमिश्नर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं को कस्टोडियन बैंक से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पुलिस और CRPF को सौंपी गई है. हर केंद्र पर CRPF के दो सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे, जबकि स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेगी.
इस बार अधिकांश परीक्षा केंद्र सरकारी स्कूलों में बनाए गए हैं. प्रशासन का मानना है कि इससे परीक्षा संचालन पर बेहतर नियंत्रण रहेगा और किसी निजी संस्था के हस्तक्षेप की संभावना कम होगी.
परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश जारी किए गए हैं. बैकअप के तौर पर जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मेडिकल टीम, फर्स्ट एड किट और आवश्यक दवाओं के साथ मौजूद रहेगी. वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने चार विशेष ट्रेनें चलाई हैं, जो पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों को प्रमुख परीक्षा केंद्रों से जोड़ेंगी. ट्रेन नंबर 04556/04555 (बठिंडा–चंडीगढ़–बठिंडा स्पेशल), अमृतसर-लुधियाना-अमृतसर स्पेशल (ट्रेन संख्या: 04666 / 04665), लुधियाना-अमृतसर-लुधियाना स्पेशल (ट्रेन संख्या: 04667 / 04668) और फिरोजपुर कैंट-लुधियाना-फिरोजपुर कैंट स्पेशल (ट्रेन संख्या: 04670 / 04669) को छात्रों की सुविधा के लिए चलाया जा रहा है. ताकि उन्हें एग्जाम देने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े.