कैशाल नगर: लुधियाना के कैशाल नगर में स्थित श्रीयांश निटवेयर फैक्ट्री में बुधवार रात करीब 11:15 बजे भीषण आग लग गई. कैंसर अस्पताल के पास स्थित यह तीन मंजिला फैक्ट्री कुछ ही देर में पूरी तरह आग की चपेट में आ गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे भवन को निगल लिया.
फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. उन्होंने तुरंत मालिक को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. रात 12 बजे से दमकल की टीमें लगातार आग बुझाने का काम कर रही हैं. आग की भयानकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक 35 से ज्यादा फायर टेंडर मौके पर लगाए जा चुके हैं. सुबह तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था.
फैक्ट्री में धागे से कपड़ा तैयार किया जाता था. आग में तैयार माल, कच्चा माल, मशीनें और पूरा स्टॉक जलकर राख हो गया. फैक्ट्री मालिक विनय जैन ने बताया कि नुकसान करोड़ों रुपये में होने की आशंका है. अभी सही आंकड़ा लगाना मुश्किल है. एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि, असली वजह पता करने के लिए दमकल विभाग और पुलिस की टीम जांच कर रही है. लुधियाना में फैक्टरियों में आग लगने की घटनाएं समय-समय पर होती रहती हैं. इस घटना से एक बार फिर फैक्टरियों में सुरक्षा उपायों पर सवाल उठ रहे हैं. प्रशासन और दमकल विभाग लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.