menu-icon
India Daily

पंजाब पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, अमृतसर सीमा पर रेड अलर्ट; 60 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी

पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में हथियारों और नशीले पदार्थों की संभावित तस्करी को लेकर अमृतसर देहात पुलिस ने बड़े स्तर पर रेड अलर्ट जारी किया. रातभर चले विशेष अभियान में सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात रहे और दर्जनों नाकों पर वाहनों की जांच की गई.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, अमृतसर सीमा पर रेड अलर्ट; 60 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी
Courtesy: AI

पाकिस्तान सीमा से जुड़े क्षेत्रों में हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पंजाब पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है. अमृतसर देहात पुलिस ने मंगलवार देर रात अचानक रेड अलर्ट घोषित कर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. 

खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य उन तस्करों और अपराधियों तक पहुंचना था, जो कथित तौर पर सीमा पार से भेजी गई अवैध खेप को ठिकाने लगाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. सीमावर्ती गांवों और प्रमुख संपर्क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई, जबकि कई स्थानों पर अस्थायी नाके लगाकर वाहनों की गहन तलाशी ली गई.

पूरी रात चला सघन तलाशी अभियान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि हथियारों और हेरोइन की एक बड़ी खेप को मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाने की कोशिश की जा सकती है. इसके बाद तत्काल प्रभाव से पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया. अभियान के दौरान करीब 700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया. सीमावर्ती क्षेत्रों में 60 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई.

पुलिस की गश्ती टीमें भी लगातार गांवों और संपर्क मार्गों पर निगरानी करती रहीं. तलाशी अभियान के दौरान देर रात मोटरसाइकिलों पर घूम रहे छह संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया. उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका किसी तस्करी नेटवर्क से संबंध है या नहीं. हालांकि पुलिस ने अभी तक उनकी पहचान या पूछताछ से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.

पहले भी बरामद हो चुकी हैं बड़ी खेपें

पुलिस को संदेह है कि हाल में बरामद हथियारों और मादक पदार्थों की खेप का कुछ हिस्सा अभी भी तस्करों के कब्जे में हो सकता है. इससे पहले पुल मोरां सीमा चौकी के पास से 25 पिस्तौल, एक एके-47 राइफल, सैकड़ों कारतूस, कई मैगजीन और बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की गई थीं. वहीं अजनाला क्षेत्र के एक गांव के पास से 27 किलोग्राम हेरोइन भी जब्त की गई थी. इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उन इलाकों में विशेष सतर्कता बरती, जहां पहले बरामदगी हुई थी. अधिकारियों को आशंका है कि तस्कर बची हुई खेप को छिपाने या आगे पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं.