2027 चुनाव की तैयारी में जुटी AAP, मनीष सिसोदिया ने वॉलिंटियर्स को दिया जीत का मंत्र

फतेहगढ़ साहिब में आयोजित वॉलिंटियर बैठक में मनीष सिसोदिया ने पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों को पहुंचाने और 2027 चुनाव की तैयारी तेज करने का आह्वान किया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है. इसी कड़ी में फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद स्थित सोहन फार्म में एक बड़ी वॉलिंटियर बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम में पार्टी के पंजाब प्रभारी और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने हिस्सा लिया. बैठक के दौरान सरकार के पिछले साढ़े चार वर्षों के कामकाज पर चर्चा हुई और कार्यकर्ताओं से जनता की प्रतिक्रिया लेने के साथ भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया.

बैठक को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार ने बीते साढ़े चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम किया है. उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा है. इस दौरान कार्यकर्ताओं से भी सरकार के कार्यों को लेकर फीडबैक लिया गया.

स्वास्थ्य और बिजली पर जोर

सिसोदिया ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की गई है. इसके साथ ही लोगों को बिजली बिलों से राहत मिली है. उन्होंने कहा कि इन पहलों का सीधा लाभ आम परिवारों तक पहुंचा है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है.


नहरी पानी और खेती का मुद्दा

उन्होंने बताया कि राज्य में नहरों के पानी की उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है. उनके अनुसार अब नहरी पानी गांवों के अंतिम छोर तक पहुंच रहा है. उन्होंने दावा किया कि नहरी जल के उपयोग में वृद्धि से भूजल स्तर में भी सुधार दर्ज किया गया है, जिसका फायदा कृषि क्षेत्र को मिल रहा है.

2027 चुनाव की तैयारी

सिसोदिया ने वॉलिंटियर्स से घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाना जरूरी है, ताकि आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके. उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखने का संदेश दिया.

विपक्ष पर साधा निशाना

अपने संबोधन में सिसोदिया ने कांग्रेस और अकाली-भाजपा गठबंधन पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की नीतियों से राज्य को नुकसान हुआ. कार्यक्रम के अंत में विधायक लखबीर सिंह राय ने सभी का स्वागत किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान के आगामी कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया.