menu-icon
India Daily

लुधियाना के खन्ना में होटल में मिले दो शव, युवक-युवती के सिर में मिले गोली के निशान; कमरे से पिस्तौल बरामद

पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में स्थित एक होटल के कमरे से युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. दोनों के सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं और कमरे से एक पिस्तौल भी बरामद हुई है. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

babli
Edited By: Babli Rautela
लुधियाना के खन्ना में होटल में मिले दो शव, युवक-युवती के सिर में मिले गोली के निशान; कमरे से पिस्तौल बरामद
Courtesy: Social Media

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना शहर में बुधवार को एक होटल के कमरे से युवक और युवती के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों के सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं, जबकि कमरे से एक पिस्तौल भी बरामद हुई है. पुलिस फिलहाल इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है.

जानकारी के अनुसार जीटी रोड स्थित होटल ग्रीनलैंड के कमरा नंबर 104 में युवक और युवती ठहरे हुए थे. दोनों देर रात हरियाणा नंबर की टैक्सी से होटल पहुंचे थे. बुधवार दोपहर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो दोनों खून से लथपथ हालत में मृत मिले.

मौके से पिस्तौल बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. कमरे की जांच के दौरान पुलिस को एक पिस्तौल भी मिली है. अधिकारियों ने घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं ताकि मामले की सही वजह का पता लगाया जा सके. पुलिस ने मृतकों की पहचान तरनतारन निवासी हरप्रीत कौर और फिरोजपुर के मक्खू निवासी मनजीत सिंह के रूप में की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों विवाहित थे. हरप्रीत कौर के दो बच्चे हैं जबकि मनजीत सिंह का एक बेटा है. दोनों की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है.

रिश्ते और घटना के कारण की जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों के बीच पहले से जान पहचान थी और वे रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं. जांच के दौरान यह आशंका भी सामने आई है कि पहले महिला को गोली मारी गई और उसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के कारणों की पुष्टि की जाएगी.

पुलिस को जांच के दौरान महिला के मोबाइल फोन से भी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है. शुरुआती जानकारी के अनुसार उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी. वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि मनजीत सिंह पहले खन्ना के लिबड़ा इलाके में जीटी रोड पर एक ढाबा चलाता था. पुलिस इन सभी जानकारियों को जांच का हिस्सा बनाकर आगे बढ़ रही है.