Commonwealth Games 2026

20 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, लुधियाना में डीआरआई का बड़ा ऑपरेशन

लुधियाना में डीआरआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.948 किलो हेरोइन बरामद की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 19.90 करोड़ रुपये बताई जा रही है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है.

social media
Kuldeep Sharma

पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीआरआई लुधियाना जोनल यूनिट को बड़ी सफलता मिली है. खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में अधिकारियों ने एक संदिग्ध वाहन से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की. इस दौरान वाहन चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है.

सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल

डीआरआई अधिकारियों को जानकारी मिली थी कि एक वाहन के जरिए नशीले पदार्थों की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही टीम ने लुधियाना के बाहरी इलाके में निगरानी शुरू कर दी. संदिग्ध वाहन पर नजर रखते हुए अधिकारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया. हालांकि चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से भागने की कोशिश की. इसके बाद डीआरआई की टीम ने तेजी से पीछा कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया. कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी.

कार की तलाशी में मिला करोड़ों का चिट्टा

वाहन की गहन तलाशी लेने पर अधिकारियों को 18 पैकेट मिले. जांच में इन पैकेटों में हेरोइन होने की पुष्टि हुई. बरामद हेरोइन का कुल वजन 9.948 किलोग्राम पाया गया. अधिकारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 19.90 करोड़ रुपये है. इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी को हाल के समय की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है. मामले ने तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं.


नकदी और वाहन भी जब्त, जांच जारी

हेरोइन के अलावा वाहन से 1.64 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए. डीआरआई ने तस्करी में इस्तेमाल कार, बैग और नकदी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिया है. वाहन में मौजूद एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े और अहम खुलासे हो सकते हैं.