शॉर्ट सर्किट से साइकिल फैक्ट्री में भड़की आग, मचा हड़कंप; 4 फायर टेंडर ने ढाई घंटे में पाया काबू
लुधियाना के जसपाल बांगड़ में साइकिल पार्ट्स पेंट करने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. दमकल की चार गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
लुधियाना: लुधियाना के जसपाल बांगड़ इलाके में बुधवार शाम एक फैक्ट्री में लगी आग से आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई. मल्ही चौक की गली नंबर 8 स्थित साइकिल पार्ट्स पेंट करने वाली फैक्ट्री में अचानक तेज स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते आग फैल गई. घटना के समय दो कर्मचारी अंदर काम कर रहे थे. सूचना मिलते ही दमकल विभाग सक्रिय हुआ और अलग-अलग फायर स्टेशनों से गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. राहत की बात रही कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है.
फैक्ट्री में साइकिल पार्ट्स की पेंटिंग का काम चल रहा था. कर्मचारी अरुण कुमार के मुताबिक, काम के दौरान अचानक जोरदार स्पार्किंग हुई. इसके तुरंत बाद आग भड़क उठी और फैक्ट्री में रखा सामान इसकी चपेट में आने लगा. आग तेजी से फैलते देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे बुझाने की कोशिश की और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी.
देखते ही देखते मची अफरातफरी
आग की लपटें तेज होने के कारण इलाके में कुछ ही देर में हलचल बढ़ गई. आसपास मौजूद लोगों की नजर जब फैक्ट्री से उठते धुएं और आग पर पड़ी तो लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे. कर्मचारियों ने भी बाहर निकलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की. इस बीच दमकल विभाग को घटना की गंभीरता की जानकारी दी गई.
Also Read
चार दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
फायर ऑफिसर विजय कुमार ने बताया कि विभाग को शाम करीब 4:30 बजे आग की सूचना मिली थी. आग की तीव्रता को देखते हुए फोकल प्वाइंट समेत अन्य फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां भेजी गईं. कुल चार बड़ी गाड़ियों की मदद से कर्मचारियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया. लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया गया.
ढाई घंटे बाद आग पर पाया काबू
दमकल कर्मियों को आग पूरी तरह बुझाने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा. कड़ी मशक्कत के बाद फैक्ट्री में लगी आग पर नियंत्रण पाया गया. इस दौरान दमकल कर्मियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि आग आसपास की अन्य जगहों तक न पहुंचे. फैक्ट्री में रखा कितना सामान जला, इसका विस्तृत आकलन अभी किया जाना बाकी है.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी. घटना के समय फैक्ट्री के भीतर दो लोग काम कर रहे थे. कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर राहत पाई. दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया.