पति से विवाद के बाद मां ने 2 बच्चों संग नहर में लगाई छलांग, 5 साल की बेटी की मौत; मां-बेटा गंभीर
लुधियाना में पारिवारिक विवाद से परेशान महिला ने मंगलवार को अपने दो बच्चों के साथ नहर में छलांग लगा दी. स्थानीय लोगों ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन पांच वर्षीय बेटी की मौत हो गई.
लुधियाना: पंजाब लुधियाना में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला अपने दो बच्चों के साथ नहर में कूद गई. आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. हादसे में पांच वर्षीय बेटी अनन्या की मौत हो गई, जबकि महिला अनमोल और उसका तीन वर्षीय बेटा अवी गंभीर हालत में भर्ती हैं. महिला का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है और परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था.
जानकारी के मुताबिक, महिला मंगलवार दोपहर अपने दोनों बच्चों के साथ नहर के पास पहुंची थी. कुछ देर बाद उसने बच्चों के साथ नहर में छलांग लगा दी. यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए कदम बढ़ाया. तीनों को बाहर निकालने के बाद अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने पांच वर्षीय अनन्या को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनमोल और अवी का उपचार जारी है.
छह साल पहले हुई थी शादी
अनमोल ने बताया कि उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी. उसके अनुसार, पति नशे का आदी है और शादी से पहले यह जानकारी उससे छिपाई गई थी. महिला का आरोप है कि पति नशे के लिए अपनी कमाई खर्च कर देता था. उसने ससुराल पक्ष से पति की आदत और कथित मारपीट की शिकायत की, लेकिन उसे अपेक्षित मदद नहीं मिली.
Also Read
नौ महीने से मायके में रह रही थी
महिला के मुताबिक, ससुराल में विवाद और कथित प्रताड़ना के बाद वह पिछले नौ महीने से अपने मायके में रह रही थी. उसका कहना है कि बच्चों की परवरिश के लिए उसे ससुराल पक्ष से आर्थिक सहायता नहीं मिलती. उसने यह भी आरोप लगाया कि संपत्ति को लेकर शादी के समय उसे अलग जानकारी दी गई थी, जबकि बाद में उसके दावे को स्वीकार नहीं किया गया.
देवर से विवाद के बाद बढ़ा तनाव
अनमोल के अनुसार, मंगलवार को उसके देवर संजीव ने उसे रोका और उसके चरित्र पर आरोप लगाए. महिला का कहना है कि उसने पति से इसकी शिकायत की, लेकिन पति ने भी उसका साथ नहीं दिया. लगातार पारिवारिक तनाव और परेशानियों के बीच उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ती गई. इसके बाद वह बच्चों को लेकर नहर के पास पहुंची, जहां यह दुखद घटना हुई.
इंसाफ और बच्चों के भविष्य की मांग
अनमोल का कहना है कि उसका मामला दुगरी थाने में चल रहा है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं है. उसने आरोप लगाया कि शिकायतों पर कुछ कदम उठाने के बाद मामला आगे नहीं बढ़ा. महिला ने अपने और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए न्याय और आर्थिक अधिकार दिलाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं.