लुधियाना: बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 5 दिन बाद दर्ज हुई FIR
लुधियाना शहर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना में आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. 14 जुलाई की सुबह जालंधर बाईपास चौक पर लगी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चारों ओर बने मोटे सुरक्षा शीशे को पत्थर मारकर तोड़ दिया गया.
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना शहर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना में आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के पांच दिन बाद 19 जुलाई को सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ने वालों पर कार्रवाई
14 जुलाई की सुबह जालंधर बाईपास चौक पर लगी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चारों ओर बने मोटे सुरक्षा शीशे को पत्थर मारकर तोड़ दिया गया. शरारती तत्वों ने ईंट-पत्थर फेंककर काफी नुकसान पहुंचाया. सुबह राहगीरों ने जब टूटा शीशा और चारों तरफ बिखरे पत्थर देखे तो मामले की जानकारी मिली.
5 दिन बाद दर्ज हुई FIR
बहुजन समाज पार्टी (BSP) लुधियाना जिलाध्यक्ष बलविंदर सिंह (49) ने इस घटना की शिकायत पुलिस में दी थी. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रतिमा को नुकसान नहीं है, बल्कि पूरे बहुजन समाज और बाबा साहेब के अनुयायियों की भावनाओं पर हमला है. इस कृत्य से दलित समाज को गहरी ठेस पहुंची है.
Also Read
घटना की खबर फैलते ही 14 जुलाई को दलित समाज और विभिन्न संगठनों के सैकड़ों लोग जालंधर बाईपास चौक पर जमा हो गए. गुस्साए लोगों ने आरोपी लोगों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया. काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा.
पुलिस ने लोगों को समझाया और आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी. इसके बावजूद पांच दिन तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से लोग नाराज थे. आखिरकार 19 जुलाई को पुलिस ने अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. अब पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी हुई है. सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ करके सुराग हासिल करने की कोशिश की जा रही है.