सतलुज फिल्म विवाद के बीच जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड के दोषी पूर्व DSP हुए गायब! मचा बवाल
जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड के दोषी पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह के पते को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. जेल प्रशासन के सत्यापन अनुरोध के बाद पुलिस उन्हें दर्ज पते पर नहीं ढूंढ सकी, जबकि वकील ने उनके लापता होने से इनकार किया.
फिल्म सतलुज को लेकर चल रहे विवाद के बीच जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है. मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह के पते के सत्यापन को लेकर उठे सवालों ने राजनीतिक बहस और कानूनी चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है.
पते के सत्यापन में सामने आया नया विवाद
नाभा ओपन एग्रीकल्चरल जेल प्रशासन ने पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह के वर्तमान पते का सत्यापन कराने के लिए पंजाब पुलिस को पत्र भेजा था. इसके बाद होशियारपुर पुलिस ने रिकॉर्ड में दर्ज पते पर जांच की, लेकिन वह वहां नहीं मिले. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जेल रिकॉर्ड में उनके एक से अधिक पते दर्ज हो सकते हैं, इसलिए अन्य स्थानों की जानकारी भी खंगाली जा रही है.
वकील ने लापता होने की खबरों को बताया गलत
जसपाल सिंह के अधिवक्ता गगनदीप सिंह घिरे ने स्पष्ट किया कि उनके मुवक्किल लापता नहीं हैं. उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के बाद वह पंजाब में अपने बेटे के साथ जालंधर में रह रहे हैं. वकील के अनुसार उन्होंने अदालत के सभी निर्देशों का पालन किया है और नगर निगम की ओर से उनके पते का सत्यापन भी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराया जा चुका है.
Also Read
- दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से सेना के जवान का निधन, सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
- बार-बार ट्रिपिंग की समस्या को दूर करने के लिए जालंधर में आज 1 घंटे का बिजली शटडाउन, पावरकॉम ने जारी किया अलर्ट
- अमृतसर के जंडियाला गुरु में एनकाउंटर, 36 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग; आरोपी घायल
राजनीतिक बयानबाजी भी हुई तेज
यह मामला सामने आने के बाद पंजाब की राजनीति भी गर्मा गई है. शिरोमणि अकाली दल ने राज्य सरकार पर दोषियों के प्रति नरमी बरतने का आरोप लगाया है. वहीं, आम आदमी पार्टी सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड के दोषियों की समयपूर्व रिहाई को मंजूरी नहीं दी गई और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस संबंध में किसी प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं.