जालंधर में 309 ग्राम हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 309 ग्राम हेरोइन बरामद की. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बॉर्डर क्षेत्र से नशा लाकर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने का नेटवर्क चला रहे थे.

social media
Kuldeep Sharma

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने नशा तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं.

नाकेबंदी के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 को एसआई कश्मीर सिंह की अगुवाई में गांव दयालपुर के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने नव-निर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकेबंदी की गई थी. इसी दौरान टाटा सफारी के पास खड़े दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई. जांच में सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख के पास से 169 ग्राम और सरबजीत सिंह उर्फ घुक के पास से 140 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

गिरफ्तारी के बाद थाना करतारपुर में एफआईआर संख्या 141, दिनांक 7 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 61 और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर जांच का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.


रिश्तों का सहारा लेकर बनाया था सप्लाई नेटवर्क

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि अधिक पैसा कमाने की लालच में वे नशा तस्करी से जुड़े. पुलिस के अनुसार सरबजीत सिंह के करतारपुर और कपूरथला क्षेत्र में रिश्तेदार हैं, जिनकी मदद से उसने ग्राहकों का नेटवर्क तैयार किया. आरोपी कथित तौर पर सीमावर्ती इलाकों से सस्ती हेरोइन लाकर स्थानीय बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते थे. पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर आगे की जांच करेगी.