PSPCL अप्रेंटिसों के लिए बड़ी खुशखबरी, 24 युवाओं को मिलेगी पक्की नौकरी

पंजाब सरकार ने पीएसपीसीएल के 24 अप्रेंटिसशिप उम्मीदवारों को नियमित करने का फैसला किया है. इन युवाओं को असिस्टेंट लाइनमैन पद पर नियुक्त किया जाएगा. भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: पंजाब में रोजगार की उम्मीद कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की है कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में प्रशिक्षु के रूप में कार्य कर चुके 24 उम्मीदवारों को नियमित नौकरी दी जाएगी. सरकार ने उन्हें असिस्टेंट लाइनमैन के पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया है. लंबे समय से अपनी मांग को लेकर प्रयास कर रहे इन उम्मीदवारों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि 24 अप्रेंटिसशिप उम्मीदवारों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि इन युवाओं को असिस्टेंट लाइनमैन के पद पर नियुक्त किया जाएगा. इससे उन उम्मीदवारों को राहत मिलेगी जो लंबे समय से स्थायी नियुक्ति की मांग कर रहे थे.

भर्ती प्रक्रिया होगी पारदर्शी

चीमा ने कहा कि सरकार चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए काम कर रही है. इसके लिए ऐसा तंत्र तैयार किया जा रहा है जिससे उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से मिल सकें और किसी तरह की परेशानी न हो.


पंजाबी भाषा परीक्षा भी होगी

सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पंजाबी भाषा परीक्षा को भी शामिल करने का निर्णय लिया है. परीक्षा का सिलेबस, पैटर्न और अन्य दिशा-निर्देश जल्द ही पीएसपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे उम्मीदवारों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा.

रोजगार पर सरकार का फोकस

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उनके कौशल के अनुसार अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि रोजगार सृजन और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आगे भी ऐसे कदम उठाए जाते रहेंगे. पीएसपीसीएल में यह नियुक्ति उसी दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है.