पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, वड़िंग पर फिर भरोसा; चन्नी को मिली अहम जिम्मेदारी

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप देते हुए कई अहम नियुक्तियां की हैं. अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा को उनके मौजूदा पदों पर बरकरार रखा गया है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपने संगठनात्मक ढांचे को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है. पार्टी हाईकमान ने बुधवार को चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों और पदों पर नेताओं की नियुक्तियों की घोषणा की. ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस फैसले को चुनावी तैयारी की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बनाए रखने का फैसला किया है. पिछले कई महीनों से प्रदेशाध्यक्ष बदलने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में चल रही थीं, लेकिन पार्टी ने वड़िंग पर ही भरोसा जताया. वहीं विधानसभा में नेता विपक्ष के रूप में प्रताप सिंह बाजवा को भी उनकी जिम्मेदारी पर कायम रखा गया है. इससे संगठन में स्थिरता का संदेश देने की कोशिश की गई है.

चरणजीत सिंह चन्नी को मिली अहम जिम्मेदारी

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार अभियान की कमान सौंपी गई है. उन्हें कैंपेन कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है. पार्टी का मानना है कि चन्नी का जनसंपर्क और राजनीतिक अनुभव चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उनके नेतृत्व में कांग्रेस आगामी चुनाव में जनता तक अपनी बात अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करेगी.


चुनावी प्रबंधन के लिए बनी अलग टीम

विजय इंदर सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट और कोआर्डिनेशन कमेटी का चेयरपर्सन बनाया गया है. इसके अलावा ओपी सोनी, रजिया सुल्तान, कुलजीत सिंह नागरा, अंगद सिंह सैनी और भारत भूषण आशु को भी इस समिति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं. पार्टी ने चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तालमेल को मजबूत करने के लिए इस टीम का गठन किया है.

कोर कमेटी और घोषणापत्र टीम का गठन

कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है. वहीं डॉ. अमर सिंह को मैनिफेस्टो कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है. घोषणापत्र समिति में गुरजीत सिंह ओझला, परगट सिंह, हरदियाल सिंह कंबोज और सुखबिंदर सिंह सरकारिया को भी जिम्मेदारी दी गई है. यह टीम चुनावी वादों और नीतिगत दस्तावेज तैयार करने का काम करेगी.

वर्किंग प्रेसिडेंट और प्रचार समिति में नए चेहरे

पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सुखविंदर सिंह डेनी, राज कुमार वेरका और संगत सिंह घिलजियां को वर्किंग प्रेसिडेंट नियुक्त किया है. वहीं कैंपेन कमेटी में सुखपाल सिंह खैरा, राणा गुरजीत सिंह और डॉ. धर्मवीर गांधी को चेयरपर्सन बनाया गया है. कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद ये नेता चुनावी अभियान को नई दिशा देंगे और पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे.