menu-icon
India Daily

पंजाब में ममता हुई शर्मसार! मां ने अपने 3 बच्चों को नहर में फेंका, दो शव बरामद

पंजाब के रूपनगर में एक महिला पर अपने तीन बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है. दो बच्चों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि तीसरे की तलाश जारी है.

KanhaiyaaZee
पंजाब में ममता हुई शर्मसार! मां ने अपने 3 बच्चों को नहर में फेंका, दो शव बरामद
Courtesy: Social Media

चंडीगढ़: पंजाब के रूपनगर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. मोहाली के मटौर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला पर अपने तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर रूपनगर पहुंची थी. आरोप है कि उसने एक-एक कर बच्चों को नहर में धक्का दे दिया. इसके बाद उसने स्वयं भी नहर में छलांग लगा दी. हालांकि महिला किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई और उसकी जान बच गई.

मोबाइल लोकेशन से पुलिस तक पहुंचा मामला

परिजनों के अनुसार, जब महिला और बच्चे घर से लापता हुए तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. काफी समय तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई. जांच के दौरान पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की, जिससे उसका पता रूपनगर क्षेत्र में चला.

पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को नहर किनारे से हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान उसने कथित रूप से बच्चों को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की. इसके बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया.

दो बच्चों के शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही गोताखोरों और बचाव दल को नहर में उतारा गया. लंबे सर्च अभियान के बाद दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए. तीसरे बच्चे की तलाश लगातार जारी है.

मृत बच्चों की पहचान तपिश (10 वर्ष), तनवी (7 वर्ष) और नितिन (4 वर्ष) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखा जा रहा है.

पति की मौत के बाद बढ़ी थीं मुश्किलें

परिवार से जुडे लोगों का कहना है कि महिला का परिवार पिछले कई महीनों से आर्थिक संकट का सामना कर रहा था. करीब 10 महीने पहले उसके पति कमल ने आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद परिवार की जिम्मेदारियां और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ते गए.

बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद महिला मानसिक तनाव से भी जूझ रही थी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसका व्यवहार पिछले कुछ समय से सामान्य नहीं लग रहा था और वह कई बार परेशान करने वाली बातें किया करती थी.

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है. महिला से पूछताछ जारी है और उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं प्रशासन ने तीसरे बच्चे की तलाश के लिए सर्च अभियान तेज कर दिया है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव, पारिवारिक संकट और आर्थिक परेशानियों से जुडे मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है.