पंजाब से अमेरिका तक फैला अपराध का नेटवर्क, FBI के निशाने पर बिश्नोई गैंग का कमल
FBI ने बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य कमल को मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया है. उस पर अमेरिका में रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप हैं.
चंडीगढ़: अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने पंजाब से जुड़े बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य कमल को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया है. एजेंसी के अनुसार कमल एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा है और उस पर रंगदारी वसूली तथा मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई गंभीर आरोप हैं. FBI ने उसके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया है.
FBI की जानकारी के मुताबिक कमल को जुलाई में अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया गया था. उस पर रंगदारी के जरिये व्यापारिक गतिविधियों में हस्तक्षेप करने की साजिश का आरोप लगाया गया है. जांच एजेंसी मामले में संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है.
पंजाब से अमेरिका तक फैला नेटवर्क
FBI के अनुसार बिश्नोई आपराधिक संगठन की शुरुआत पंजाब में हुई थी. बाद में इसके कथित नेटवर्क का विस्तार अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत कई इलाकों तक हुआ. एजेंसी का आरोप है कि नेटवर्क से जुड़े लोगों ने भारत में रंगदारी से जुटाई गई रकम को अमेरिका पहुंचाने और अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल करने की कोशिश की.
Also Read
अमेरिकी जांच एजेंसी के मुताबिक कमल और उसके सहयोगियों ने रंगदारी तथा मादक पदार्थों की तस्करी से हासिल रकम एकत्र की. FBI के दस्तावेजों में एक मामले का उल्लेख है, जिसमें कमल पर कथित तौर पर नेटवर्क की ओर से 15 हजार डॉलर की रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया गया है.
ऑपरेशन हार्ड बाल के तहत कार्रवाई
FBI ने बिश्नोई गैंग और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ ऑपरेशन हार्ड बाल शुरू किया है. एजेंसी के अनुसार इस अभियान के तहत बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह ढिल्लों से जुड़े सात लोगों को मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया जा चुका है.
FBI ने लोगों से कमल या इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर स्थानीय FBI कार्यालय, अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास को सूचना देने की अपील की है.
पंजाब कनेक्शन की भी जांच
अमेरिकी कार्रवाई के बाद बिश्नोई गैंग के कथित आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क पर जांच तेज हुई है. एजेंसियां रंगदारी वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी और इनसे जुड़े आर्थिक संपर्कों की जांच कर रही हैं. FBI के अनुसार इस मामले में अब तक 37 आरोपितों के खिलाफ अलग अलग मामलों में अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं.