IPL 2026

'1000 रुपये लेकर कौन से सूरमा पैदा कर देंगी..', कांग्रेस विधायक का महिलाओं पर टिप्पणी पड़ा भारी; पंजाब विधानसभा में मचा हंगामा

पंजाब में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने की सरकारी योजना पर कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा की टिप्पणी से बड़ा विवाद खड़ा हो गया.

@kisanCongress_ x account
Km Jaya

चंडीगढ़: बजट पेश करने के दौरान पंजाब सरकार ने महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने का ऐलान किया. कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा ने एक ऐसा कमेंट किया जिससे हंगामा मच गया. फाइनेंस मिनिस्टर हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस MLA सुखपाल सिंह खैरा का सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक बयान पढ़ा, जिसमें उन्होंने सवाल किया था कि 1,000 रुपये में औरतें कौन से सूरमाओं को पैदा कर देंगी?

खैरा ने यह कमेंट आम आदमी पार्टी सरकार के महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये देने के ऐलान को लेकर किया था. आम आदमी पार्टी के MLA इंदरजीत मान और सरबजीत कौर अपनी सीटों से खड़े होकर सुखपाल सिंह खैरा के बयान का विरोध करने लगे, जिससे सदन में हंगामा हो गया.

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने क्या कहा?

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि उन्होंने खैरा का बयान नहीं देखा है, लेकिन अगर उन्होंने ऐसा कोई बयान दिया है, तो वह माफी मांगते हैं और मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहिए. हालांकि आम आदमी पार्टी की महिला MLA खैरा के बयान का विरोध करती रहीं और कहा कि प्रताप सिंह बाजवा ने माफी मांग ली है, लेकिन उनका बयान माफ करने लायक नहीं है और इसे जनता के सामने लाया जाएगा.

उन्होंने खैरा के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की. मामला बढ़ता देख स्पीकर ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी. जब सदन फिर से शुरू हुआ, तो हंगामे के बीच कांग्रेस MLA सुखपाल खैरा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया. महिला आयोग ने भी खैरा से 12 मार्च तक जवाब देने को कहा है.

SP रैंक के अधिकारी ने क्या दिए आदेश?

पंजाब राज्य महिला आयोग ने सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो पर तुरंत कार्रवाई की है. कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा पर महिलाओं के बारे में गलत बातें कहने का आरोप है. कमीशन ने SSP कपूरथला को सख्त आदेश दिया है कि वे तुरंत SP रैंक के अधिकारी से मामले की जांच करें और स्टेटस रिपोर्ट दें. कमीशन ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखपाल सिंह खैरा को भी 12 मार्च को सुबह 11:30 बजे कमीशन के सामने पेश होने का आदेश दिया है.

खैरा ने वीडियो जारी कर क्या कहा?

खैरा ने एक और वीडियो जारी कर कहा है कि वे अपनी बात पर कायम हैं और उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा है. अगर आम आदमी पार्टी को पंजाब की महिलाओं की इतनी ही चिंता थी, तो उन्हें सरकार के पहले बजट में ही ₹1,000 मिल जाने चाहिए थे, न कि पिछले चुनावी साल में. केजरीवाल और भगवंत मान अब वोट पाने के लिए यह ड्रामा कर रहे हैं. अगर वे सच्चे हैं, तो उन्हें महिलाओं के अकाउंट में चार साल तक ₹48,000 जमा करने चाहिए. 

उन्होंने कहा कि ₹1,000 से वैसे भी परिवारों का कोई भला नहीं होगा. पंजाब की महिलाओं को नशे की लत के कलंक से आजादी चाहिए. वे चाहती हैं कि उनके पति और बेटे अगर बाहर जाएं तो जिंदा घर लौटें, उन्हें गोली न मारी जाए. महिलाएं गैंगस्टरों से आजादी और अपने बच्चों के लिए रोजगार चाहती हैं.