आंबेडकर जयंती पर सीएम मान ने महिलाओं के लिए शुरू की ये खास योजना, हर महीने आएंगे पैसे
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाबा साहिब अंबेडकर के जन्मदिवस पर महिलाओं को 1000-1500 रुपये मासिक देने वाली योजना शुरू की. 9 हलकों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू, 15 मई से सभी 108 हलकों में विस्तार होगा. जुलाई से भुगतान शुरू होगा.
आदमपुर: बाबा साहिब अंबेडकर की 135वीं जयंती पर पंजाब सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज आदमपुर से 'मांवां-धीयां सतिकार योजना' की शुरुआत की, जिसके तहत प्रदेश की 97 फीसदी महिलाओं को हर महीने 1000 से 1500 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि यह योजना पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, दिड़बा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला देहाती समेत 9 विधानसभा हलकों में शुरू की जा रही है. उन्होंने कहा, "बाकी 108 हलकों में 15 मई से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा और जुलाई 2026 से महिलाओं के खातों में पैसे आने लगेंगे."
रजिस्ट्रेशन की कोई समय सीमा नहीं, देरी से भी मिलेगा पूरा लाभ
सीएम मान ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि पंजीकरण की कोई आखिरी तारीख नहीं है. उन्होंने कहा, "चाहे कोई 15 अप्रैल को रजिस्ट्रेशन करवाए या 15 मई को या फिर सितंबर में, उसे जुलाई, अगस्त और सितंबर के तीनों महीनों का पूरा भुगतान मिलेगा."
महिलाओं को चाहिए सिर्फ तीन दस्तावेज, एससी महिलाओं के लिए खास सुविधा
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को सिर्फ तीन दस्तावेज चाहिए - पंजाब के पते वाला आधार कार्ड, पंजाब का वोटर आईडी और बैंक पासबुक. अनुसूचित जाति की महिलाओं को जाति प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा.
मुख्यमंत्री ने साफ किया, "जिन एससी महिलाओं के पास अभी जाति प्रमाण पत्र नहीं है, वे चिंता न करें. वे बिना प्रमाण पत्र के भी रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं और 1000 रुपये मासिक लेना शुरू कर सकती हैं. जैसे ही प्रमाण पत्र बनेगा, उन्हें 500 रुपये प्रति माह का बकाया भी मिल जाएगा."
26,000 केंद्र और 'महिला सतिकार सखियां' करेंगी घर-घर पहुंच
सरकार ने योजना को हर घर तक पहुंचाने के लिए ठोस इंतजाम किए हैं. हर गांव और वार्ड में 'महिला सतिकार सखियों' को तैनात किया जाएगा, जो महिलाओं के घर जाकर उन्हें योजना की जानकारी देंगी और दस्तावेज बनवाने में मदद करेंगी. इसके अलावा प्रदेशभर में 26,000 से अधिक पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें आंगनवाड़ी केंद्र, सेवा केंद्र और नगर निगम कार्यालय शामिल हैं.
9300 करोड़ का बजट, 97 फीसदी महिलाओं को होगा फायदा
वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 9300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. सीएम मान ने कहा कि यह योजना महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी, जिससे वे बचत और निवेश कर सकेंगी. उन्होंने कहा, "यह बाबा साहिब अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण के पक्षधर थे. इस योजना से 97 फीसदी से अधिक महिलाओं को लाभ होगा." इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया और अन्य नेता मौजूद रहे.