चंडीगढ़: पंजाब के गांव चनारथल कलां में रविवार को विकास कार्यों को नई दिशा मिली जब मुख्यमंत्री भगवंत मान गांव के दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और गांव में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 3.25 करोड रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया. इन परियोजनाओं का उद्देश्य गांव में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है. स्थानीय लोगों ने इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे गांव की तस्वीर और बेहतर होगी.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गांव की लाइब्रेरी का भी दौरा किया. यहां उन्होंने अध्ययन कर रहे बच्चों और युवाओं से बातचीत की तथा उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढने के लिए प्रेरित किया और उनकी जरूरतों को भी समझने का प्रयास किया.
लाइब्रेरी में मौजूद बच्चों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह स्थान अब गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों की पसंदीदा जगह बन चुका है. विद्यार्थियों ने कहा कि यहां उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन संसाधनों से उन्हें अपनी जानकारी और ज्ञान बढाने में काफी मदद मिलती है. उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी ने उनके अध्ययन के माहौल को बेहतर बनाया है.
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सामुदायिक संसाधनों को मजबूत बनाकर गांवों को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विकास की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला. लोगों ने विकास कार्यों और गांव में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया. ग्रामीणों का कहना है कि इन पहलों से गांव के सामाजिक और शैक्षणिक वातावरण को मजबूती मिलेगी तथा आने वाली पीढियों को इसका लाभ प्राप्त होगा.