पंजाब: पंजाब की 'आप' सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' की पहली किस्त 1 जुलाई 2026 को सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी. इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को हर महीने सम्मान राशि दी जाएगी.
अनुसूचित जाति की महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये मिलेंगे, जबकि सामान्य और अन्य श्रेणियों की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये दिए जाएंगे. यानी तीन महीने की पहली किस्त SC महिलाओं को 4,500 रुपये और बाकी महिलाओं को 3,000 रुपये मिलेगी.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फतेहगढ़ साहिब के गांव चनारथल कलां में विकास कार्यों के उद्घाटन के बाद 'लोक मिलनी' कार्यक्रम में यह एलान किया. उन्होंने कहा- 'नौ दिन बाद 1 जुलाई को महिलाओं के मोबाइल पर नोटिफिकेशन आएगा कि उनके खाते में पैसे जमा हो गए हैं. यह राशि बिना किसी दलाल या मध्यस्थ के सीधे बैंक खातों में पहुंचेगी.'
सरकार का कहना है कि जो महिलाएं पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन ले रही हैं, वे भी इस योजना का लाभ ले सकेंगी. पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना से फायदा होने की उम्मीद है. इसके लिए राज्य सरकार ने 9,300 करोड़ रुपये का बजट रखा है.
सीएम मान ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह राशि उन्हें अमीर तो नहीं बना सकती, लेकिन सम्मान, आत्मविश्वास और स्वाभिमान जरूर देगी. उन्होंने कहा- 'माताएं और बहनें जीवन की स्रोत हैं. उनका आशीर्वाद हमें हर मुश्किल पार करने की ताकत देता है. जब तक पंजाब में आप सरकार रहेगी, यह सहायता बिना रुके जारी रहेगी.'