चंडीगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोल्डी ढिल्लों गिरोह से जुड़े तीन आरोपी हथियारों के साथ गिरफ्तार

चंडीगढ़ पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों गिरोह से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

pinterest
Sagar Bhardwaj

चंडीगढ़ पुलिस को संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है. पुलिस ने विदेशी ठिकाने से संचालित बताए जा रहे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शहर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया. आरोपियों के कब्जे से आधुनिक हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस ऑपरेशन को चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जम्मू के सांबा जिले के रहने वाले 20 वर्षीय हैप्पी चिब, 24 वर्षीय राहुल और 19 वर्षीय वंश शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों को विशेष सूचना के आधार पर हिरासत में लिया गया. शुरुआती पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.

बड़ी वारदात की थी तैयारी

पुलिस मुख्यालय सेक्टर-9 में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी मनजीत शेरों ने बताया कि आरोपियों को आगे की जांच के लिए चंडीगढ़ लाया गया है. जांच एजेंसियों का मानना है कि तीनों कथित तौर पर गोल्डी ढिल्लों के निर्देशों पर काम कर रहे थे. पुलिस के अनुसार ये लोग शहर में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे. हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित वारदात को टाल दिया गया.


 हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विदेशी निर्मित सी-47 9 एमएम पिस्तौल, एक .32 बोर पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. बरामद हथियारों को जांच के लिए भेजा गया है. अधिकारियों का कहना है कि इन हथियारों के इस्तेमाल और स्रोत की भी जांच की जा रही है. बरामदगी को देखते हुए पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है.

 पुराने मामलों से भी जुड़े हैं आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. हैप्पी चिब पर छह, राहुल पर दो और वंश शर्मा पर चार मामले दर्ज बताए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनका संबंध किन अन्य आपराधिक गतिविधियों से रहा है. साथ ही गिरोह के नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए भी जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है, ताकि पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया जा सके.