योग दिवस पर चंडीगढ़ में 'Yoga 365' अभियान का आगाज, स्वस्थ जीवन का अपनाने का दिया गया संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने योग को जीवनशैली बनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में योग खिलाड़ियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में उत्साह, ऊर्जा और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला. राज्य स्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों, योग प्रेमियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस दौरान योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए लोगों से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की गई.

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रही. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी प्रसारित किया गया. उन्होंने योग को मानवता को जोड़ने वाला माध्यम बताते हुए कहा कि यह जीवन के हर पड़ाव में व्यक्ति को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने की शक्ति रखता है.

योग को जीवनशैली बनाने का संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि योग केवल व्यायाम तक सीमित नहीं है. यह शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने में मदद करता है और समाज को भी स्वस्थ दिशा प्रदान करता है.


'योग 365' पहल पर विशेष फोकस

कटारिया ने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन की 'योग 365' पहल का उद्देश्य योग को वर्षभर की आदत बनाना है. इसके तहत समाज के विभिन्न वर्गों तक योग को पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. प्रशासन आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को भी लगातार मजबूत बना रहा है ताकि लोगों को समग्र स्वास्थ्य लाभ मिल सके.

योग प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा योगासन खिलाड़ियों अनुष्का शर्मा, अभय मिश्रा और देव को सम्मानित किया गया. इसके साथ ही योग के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले 14 संगठनों और संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान प्रदान किया गया.

स्वस्थ चंडीगढ़ की दिशा में पहल

प्रशासक ने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज की नींव होते हैं. योग के माध्यम से एक सक्षम, स्वस्थ और समृद्ध चंडीगढ़ का निर्माण संभव है. कार्यक्रम में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.