BJP ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी! ईमेल में लिखा- 21 अगस्त को पंजाब बंद नहीं किया तो होंगे धमाके
चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. संदेश में पंजाब बंद और स्कूल बंद रखने की मांग के साथ खुले शहरों में विस्फोट की धमकी दी गई है.
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय को मिले धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. संदेश में 21 अगस्त को पंजाब बंद रखने और बंद नहीं होने वाले शहरों में बम धमाके करने की धमकी दी गई है. एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बंद को लेकर धमकी से मचा हड़कंप
भाजपा के आधिकारिक ईमेल पर भेजे गए संदेश में 21 अगस्त को पंजाब बंद रखने की मांग की गई है. इसमें कहा गया है कि जो शहर बंद नहीं होंगे, वहां विस्फोट किए जाएंगे. इसके अलावा 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और दिलावर सिंह बब्बर को याद करने की बात भी लिखी गई है. ईमेल में पंजाब और खालिस्तान से जुड़े कई आपत्तिजनक दावे किए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदेश किसने भेजा और इसके पीछे वास्तविक मकसद क्या है.
जांच एजेंसियां ईमेल की कर रहीं पड़ताल
धमकी भरे संदेश में पंजाब के डीजीपी का नाम भी लिखा गया है. साथ ही कुछ प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े होने का दावा करने वाले नामों का उल्लेख किया गया है. ईमेल में आईईडी और विस्फोटकों को लेकर भी कई बातें कही गई हैं. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत, भेजने वाले की पहचान और उसकी संभावित कड़ी की जांच कर रही हैं. यह भी देखा जा रहा है कि संदेश किसी आतंकी संगठन से जुड़ा है या किसी ने फर्जी पहचान के जरिए धमकी भेजी है.
Also Read
- सांसद के बेटे की कार से टक्कर के बाद सड़क पर तड़पती रही युवती; Aston Martin हादसे का खौफनाक वीडियो आया सामने
- राहुल गांधी ने दिखाए पीड़ित के शरीर से निकले 200 छर्रे, बोले- 3 आंख में भी धंसे; पुलिस पर उठाए सवाल
- सितंबर में कमजोर पड़ सकता है मानसून, 5 से 10 सितंबर के बाद देश के बड़े हिस्से में घट सकती है बारिश
भाजपा कार्यालय पर पहले भी हो चुका है हमला
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर 1 अप्रैल 2026 को संदिग्ध विस्फोटक फेंके जाने की घटना हुई थी. उस हमले में आसपास खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा था, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी. बाद में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की थी. चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था. अब ताजा धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं.