पंजाब में फिर साथ आएंगे BJP और अकाली दल? गठबंधन की बातचीत अंतिम दौर में, सीटों पर फंसा पेंच
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले BJP और SAD के बीच गठबंधन की अटकलें तेज हैं. सीट बंटवारे पर बातचीत आगे बढ़ने और दोनों दलों की तैयारियों से राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं.
चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर BJP और शिरोमणि अकाली दल के संभावित गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक दोनों दल सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के अंतिम दौर के करीब हैं. खास बात यह है कि इस बार BJP गठबंधन में पहले से मजबूत भूमिका चाहती है. दूसरी ओर SAD की ग्रामीण सीटों पर तैयारी धीमी होने की खबरों ने इन अटकलों को और हवा दे दी है. हालांकि BJP ने आधिकारिक तौर पर गठबंधन की पुष्टि नहीं की है.
सूत्रों के मुताबिक BJP और SAD के बीच गठबंधन को दोबारा अंतिम रूप देने को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है. संभावित समझौते में BJP के वरिष्ठ साझेदार बनने की संभावना जताई जा रही है. SAD की ओर से ग्रामीण इलाकों की कुछ सीटों पर नेताओं को तैयारी नहीं करने के संकेत मिलने की बात भी सामने आई है. इससे माना जा रहा है कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच अंदरखाने चर्चा चल रही है.
BJP की 117 सीटों पर तैयारी
दूसरी तरफ BJP ने पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने हालिया पंजाब दौरे के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया. उन्होंने सभी सीटों पर चुनाव की तैयारी करने को कहा. हालांकि सूत्रों के अनुसार, उन्होंने SAD के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज नहीं किया. ऐसे में BJP की व्यापक तैयारी को संभावित सीट बंटवारे की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
Also Read
2020 में टूट गया था रिश्ता
BJP और SAD लंबे समय तक पंजाब में चुनावी साझेदार रहे हैं. दोनों दलों का गठबंधन 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर टूट गया था. बाद में केंद्र सरकार ने विवादित कृषि कानून वापस ले लिए थे. अब दोनों दलों के बीच फिर नजदीकी की चर्चा ने पंजाब की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है. हालांकि इस बार सीटों का समीकरण पहले जैसा रहने के बजाय BJP की मजबूत दावेदारी के साथ बदल सकता है.
BJP ने गठबंधन से किया इनकार
गठबंधन की चर्चाओं के बीच BJP के पंजाब प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को साफ कहा कि पार्टी फिलहाल किसी गठबंधन में नहीं है और अपने दम पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने दावा किया कि BJP अकेले चुनाव लड़कर पंजाब में सरकार बनाएगी. उनके बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने BJP को चुनौती देते हुए कहा कि पार्टी स्पष्ट करे कि वह SAD के साथ गठबंधन नहीं कर रही है.
बीएल संतोष ने लिया जमीनी फीडबैक
बीएल संतोष ने 25 अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. लुधियाना में उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं और दूसरे दलों से BJP में आए नेताओं से संगठन को लेकर बातचीत की. उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताया और नए सदस्यों के स्वागत की बात कही. पंजाब दौरे के बाद संतोष अपनी रिपोर्ट BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को सौंपेंगे. अब निगाहें संभावित गठबंधन और सीट बंटवारे पर हैं.