पंजाब के मोगा जिले में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है. पार्टी ने जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं. इस कदम का उद्देश्य मंडल, उप मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय बनाना और पार्टी की पहुंच को मजबूत करना है.
जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने बताया कि पार्टी हाईकमान द्वारा चलाए जा रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि मोगा जिले के कुछ मंडल अभी भी पूरी तरह सक्रिय नहीं हैं. कई स्थानों पर पार्टी के कार्यक्रम मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए यह संगठनात्मक बदलाव किया गया है.
जिला अध्यक्ष ने कहा कि समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई मंडल अध्यक्ष जिला स्तरीय बैठकों में नियमित रूप से शामिल नहीं हो रहे थे. इसके कारण कई योजनाएं और कार्यक्रम जमीनी स्तर तक प्रभावी तरीके से नहीं पहुंच पाए. अब नई जिम्मेदारियों के जरिए इस स्थिति में सुधार लाने की कोशिश की जाएगी.
पार्टी की ओर से नियुक्त किए गए वरिष्ठ नेता अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों के संयोजकों और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे. मोगा विधानसभा क्षेत्र में जिला महामंत्री राजपाल ठाकुर, निहाल सिंह वाला में मुख्तियार सिंह, बाघापुराना में सुखनंदर अग्रवाल और धर्मकोट में शमशेर सिंह कैला संगठनात्मक कार्यों में सहयोग करेंगे.
बीजेपी ने बताया कि पार्टी की ओर से भेजे गए प्रोफार्मे मंडल, उप मंडल और बूथ स्तर तक भरवाए जाएंगे. इससे प्रत्येक क्षेत्र में संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा और जहां जरूरत होगी वहां नए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जोड़कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी का यह कदम आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है. पार्टी बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर अपने जनाधार को बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है.