बीजेपी-अकाली दल फिर साथ आने की तैयारी... सीटों से CM फेस तक, इन 3 मुद्दों पर अटका गठबंधन

पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के बीच फिर गठबंधन की चर्चा तेज है. सीट बंटवारे, मुख्यमंत्री चेहरे और चुनावी रणनीति को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है.

X
Ashutosh Rai

BJP Akali alliance: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और अकाली दल के बीच नजदीकियां बढ़ती दिख रही हैं. दोनों पार्टियां पुराने गठबंधन को फिर जमीन पर उतारने की संभावनाएं तलाश रही हैं. हालांकि सीटों के बंटवारे से लेकर मुख्यमंत्री चेहरे तक कुछ अहम सवाल अभी बाकी हैं. इन्हीं मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ रही है.

सीटों के बंटवारे पर सबसे बड़ा पेच

बीजेपी इस बार पुराने फॉर्मूले से आगे बढ़कर ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. अब तक गठबंधन में बीजेपी 23 सीटों तक सीमित रही है लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के बाद पार्टी अपना दावा मजबूत मान रही है. बीजेपी को 18.56 प्रतिशत वोट मिले थे और 45 विधानसभा सीटों पर वह अकाली दल से आगे रही थी. अकाली दल को 13.42 प्रतिशत वोट मिले और दोनों दलों का संयुक्त वोट करीब 32 प्रतिशत रहा. इसी गणित के आधार पर बीजेपी को लगता है कि साथ आने पर मुकाबला मजबूत हो सकता है.

CM फेस पर भी नहीं बनी तस्वीर साफ

गठबंधन की स्थिति में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, यह भी अहम सवाल है. अकाली दल की पसंद सुखबीर सिंह बादल हो सकते हैं लेकिन बीजेपी के भीतर इसे लेकर पूरी सहमति नहीं दिख रही. माना जा रहा है कि अगर दोनों पार्टियां साथ आती हैं तो ज्यादा सीटों पर लड़ने के कारण मुख्यमंत्री पद पर अकाली दल का दावा मजबूत रहेगा. बीजेपी उपमुख्यमंत्री पद मांग सकती है. दोनों दलों का पुराना गठबंधन 1996 से 2020 तक चला था और 1997, 2007 तथा 2012 में सत्ता हासिल कर चुका है.


गठबंधन से पहले BJP की अपनी तैयारी जारी

गठबंधन पर बातचीत के बावजूद बीजेपी अपनी संगठनात्मक तैयारी रोकने के मूड में नहीं है. पार्टी बूथ स्तर पर नेटवर्क मजबूत करने के साथ पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी कर रही है. संगठन महासचिव बीएल संतोष की पंजाब यात्रा के दौरान भी संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई. बीजेपी बातचीत के साथ अपना अलग आधार भी तैयार कर रही है. यही वजह है कि गठबंधन की घोषणा में फिलहाल जल्दबाजी नहीं दिखाई जा रही. दोनों दलों के लिए 2027 का चुनाव पुराने रिश्ते को नए सियासी समीकरण में बदलने का बड़ा मौका हो सकता है.