फगवाड़ा को CM मान ने दी बड़ी सौगात, 18.57 करोड़ के प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी
फगवाड़ा में आयोजित 'लोक मिलनी' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 18.57 करोड़ रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए नशामुक्त पंजाब और विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया.
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फगवाड़ा में आयोजित 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं. कार्यक्रम में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष फगवाड़ा से जुड़े प्रमुख मुद्दे रखे, जिनमें सीवरेज व्यवस्था, फगवाड़ा को पूर्ण जिला बनाने और जेसीटी मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग शामिल रही. मुख्यमंत्री ने विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं.
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने फगवाड़ा की मुख्य बाजार में सीवरेज समस्या को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने फगवाड़ा को पूर्ण जिला घोषित करने और लंबे समय से बंद पड़ी जेसीटी मिल को जल्द शुरू कराने की मांग भी रखी. उन्होंने मुख्यमंत्री से इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया.
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में रोजगार के पर्याप्त अवसर न मिलने के कारण पंजाब के युवाओं को विदेशों का रुख करना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल और कांग्रेस ने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं किया.
Also Read
नशे के खिलाफ अभियान पर जोर
मान ने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने भाई-भतीजावाद और परिवारवाद को भी राज्य के विकास में बड़ी बाधा बताया.
स्वास्थ्य, बिजली और मोहल्ला क्लीनिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को लगातार बिजली उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि राज्य में 1000 आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए जा चुके हैं, जबकि 400 और तैयार हैं. साथ ही लोगों को 10 लाख रुपये तक के हेल्थ इंश्योरेंस का लाभ देने की बात भी कही.
फगवाड़ा को मिला 18.57 करोड़ का पैकेज
मुख्यमंत्री ने फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 18 करोड़ 57 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की. इसमें नई सड़कें, ट्यूबवेल, स्ट्रीट लाइट, रोज गार्डन और हेरिटेज स्ट्रीट जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं. कार्यक्रम के अंत में कुछ राजनीतिक नेताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा. वहीं, बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा.